100 मी की दूरी पर पुलिस चौकी, बेखौफ चोर उखाड़ ले गए 27.54 लाख से भरा एटीएम
जीटी रोड स्थित बहालगढ़ चौक पर बदमाश शटर का ताला काटकर 27.54 लाख रुपये की नकदी से भरा एटीएम चोरी कर ले गए। वारदात बहालगढ़ चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। चोरों ने एटीएम के सीसीटीवी पर स्प्रे मारकर वारदात को अंजाम दिया। मामले की सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ चौकी पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने एटीएम कंपनी के ब्रांच मैनेजर के बयान पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी के रहने वाले नितिन गुलेरिया ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के पड़पड़ गंज स्थित सीसीएस कंपनी में ब्रांच मैनेजर है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी एटीएम की सुरक्षा, रखरखाव व नकदी डालने का काम करती है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ने बहालगढ़ चौक पर एचडीएफसी का एटीएम लगा रखा है। वीरवार रात को चोरों ने एटीएम के बाहर लगे शटर का ताला काट दिया और अंदर से नकदी से भरे पूरे एटीएम को ही उखाड़कर चोरी कर ले गए।
उन्होंने बताया कि एटीएम पर सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है। वीरवार रात दस बजे सुरक्षा गार्ड ताला लगाकर गया था। शुक्रवार सुबह जब वह एटीएम पर पहुंचा तो वहां पर एटीएम का शटर खुला था। उसने अंदर जाकर देखा तो पाया कि वहां पर एटीएम ही नहीं था। उसने मामले से अधिकारियों को अवगत कराया। जिस पर पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच की तो एटीएम के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी पर स्प्रे मारने के साथ ही उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया था। जांच में पता लगा कि एटीएम के अंदर 27 लाख 54 हजार 500 रुपये की नकदी थी। जिस पर पुलिस को शिकायत दी गई। राई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। नितिन गुलेरिया ने बताया कि कंपनी ने एक दिन पहले ही एटीएम में 20 लाख रुपये डाले थे। बाकी राशि पहले से ही एटीएम में थी। एटीएम की कीमत भी करीब 20 लाख रुपये है। इससे कंपनी को भारी नुकसान हुआ है।
बहालगढ़ चौक स्थित एचडीएफसी के एटीएम को चोर नकदी सहित उठा ले गए। मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द उनका पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। -अशोक कुमार, थाना प्रभारी राई।