Motilal Nehru Sports School: डिस्पेंसरी में 10 दिन से चिकित्सक नहीं, 34 विद्यार्थी घमोरियां, छह ईएनटी व पांच बुखार से पीड़ित
मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राई के 12 से 14 साल के विद्यार्थी पीड़ित हैं। विद्यालय में चिकित्सक नहीं होने के कारण 45 विद्यार्थी नागरिक अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे।
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय की डिस्पेंसरी में 10 दिन से चिकित्सक नहीं है। चिकित्सक की कमी के कारण विद्यार्थियों को उपचार कराने में परेशानी होने लगी है। पिछले दिनों भीषण गर्मी के बाद अचानक हुए मौसम परिवर्तन के कारण बीमारियां बढ़नी शुरू हो गई हैं।
नागरिक अस्पताल में शनिवार को मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राई के 45 विद्यार्थी इलाज कराने के लिए पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा 34 विद्यार्थी घमोरियों से, छह ईएनटी रोग व पांच बुखार से पीड़ित रहे। विद्यालय की डिस्पेंसरी में स्टाफ की कमी के कारण बीमार बच्चों नागरिक अस्पताल में लाया गया था।
मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राई की डिस्पेंसरी में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव होने के कारण यहां के स्टाफ व विद्यार्थियों को नागरिक अस्पताल में उपचार कराने कराने आना पड़ा है। डिस्पेंसरी में चिकित्सक के दोनों पद खाली हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनके स्थान पर दूसरे चिकित्सकों को अभी तक नहीं लगाया गया है। पिछले दिनों भीषण गर्मी के बाद मौसम में आए बदलाव के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। डिस्पेंसरी में चिकित्सक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों की परेशानी बढ़ने लगी है।
गर्मी में इन बीमारियों का खतरा
- गर्मी में बच्चे की त्वचा झुलस जाती है। सूर्य की किरणों से होने वाली एलर्जी बच्चों को बहुत परेशान करती हैं।
- इस मौसम में बच्चों के शरीर पर तरह-तरह के दाने, फोड़े, फुंसी आदि हो जाते हैं। पीठ में घमोरियां भी हो जाती हैं।
- बच्चों को बैक्टीरियल इंफेक्शन का खतरा अधिक रहता है, क्योंकि गर्मी में बैक्टीरिया सक्रिय रहते हैं।
- टाइफाइड, पीलिया, डायरिया आदि जल से संबंधित रोग इस मौसम में बच्चों को अधिक परेशान करते हैं। बच्चों को उल्टी, दस्त आदि होना इसी से संबंधित है।
चिकित्सकों की तैनाती के लिए लिखा है पत्र
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 27 जून को विद्यालय में कक्षाएं लगनी शुरू हो गई थी। भीषण गर्मी के बाद मौसम में अचानक आए परिवर्तन के कारण विद्यार्थी बीमार होने लगे हैं। अधिकतर बच्चों को घमोरियां थीं। डिस्पेंसरी में 10 दिन से चिकित्सक नहीं होने के कारण उनको उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा गया। डिस्पेंसरी में चिकित्सक के दोनों पद खाली पड़े हैं। चिकित्सकों की तैनाती कराने के लिए जिला उपायुक्त व सिविल सर्जन को तीन दिन पहले ही पत्र लिखा है। - कर्नल मोहित कपूर, बरसर, मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राई
विद्यार्थियों का कराया गया इलाज
मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय से उपचार कराने के लिए 45 विद्यार्थी पहुंचे थे। मौसम परिवर्तन के कारण मरीजों की संख्या में इजाफा होने के कारण अस्पताल में ओपीडी भी बढ़ी है। ओपीडी में जांच के दौरान 34 विद्यार्थी घमोरियां पीड़ित थे। वहीं अन्य विद्यार्थियों को फिजिशयन व ईएनटी विशेषज्ञ से दिखाया गया है। उपचार के बाद उनको दवाई दिलाकर भेज दिया गया है। - डॉ. राजेश सिंघल, रेजीडेंट मेडिकल ऑफिसर नागरिक अस्पताल
जल्द ही होगी चिकित्सक की तैनाती
मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय की डिस्पेंसरी में 10 दिन से चिकित्सक नहीं है। 10 दिन पहले ही डिस्पेंसरी से चिकित्सक को दूसरे केंद्र पर लगाया गया है। जल्द ही डिस्पेंसरी में दूसरे चिकित्सक की तैनाती कर दी जाएगी। इसके बाद विद्यालय के स्टाफ व विद्यार्थियों को इलाज कराने में परेशानी नहीं होगी। - डॉ. गीता दहिया, उप सिविल सर्जन सोनीपत