स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय की ओर से हटाए गए ठेका स्वास्थ्य कर्मियों ने पीपीई किट पहनकर मंगलवार को शहर में जुलूस निकाला। ठेका स्वास्थ्य कर्मी सिविल सर्जन कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। वहां उन्होंने उपायुक्त को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा और उन्हें नौकरी पर वापस रखने की मांग की। वहीं, गर्मी अधिक होने की वजह से तीन स्वास्थ्य कर्मियों की हालत बिगड़ गई। इस दौरान वीरेंद्र सिंह, मोनू व संदीप बेहोश हो गए। जिसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों को प्राथमिक उपचार दिया और उनकी हालत में सुधार हुआ।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ठेका समाप्त करने के बाद 4 अप्रैल को 77 कर्मियों को हटा दिया था। इन कमियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना काल के दौरान 1 सितंबर 2020 को आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत लगाया गया था। उनका कहना है कि जब वह नौकरी कर रहे थे तो उन्हें कोरोना योद्धा कहा जाता था। एक तरफ कोरोना योद्धा का सम्मान मिलना चाहिए था, लेकिन सरकार ने उनका रोजगार ही छीन लिया है। जिससे हटाए गए कर्मियों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनको नौकरी पर वापस नहीं रखा तो उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। इस दौरान आशीष, रविन, संतोष, सरिता, मंजू, श्वेता, रश्मि, प्रगति, मोनू, शिवकुमार, साहिल, ज्योति, नीतू, एकता, सोनिया व रेणू मौजूद रहे।

गर्मी की वजह से बेहोश हुआ स्वास्थ्य कर्मी। संवाद- फोटो : Sonipat