PM Modi In Haryana: 5 साल 5 प्रधानमंत्री का फार्मूला लाया है इंडी गठबंधन, धाकड़ सरकार ने गिराई 370 की दीवार
पीएम मोदी ने हरियाणा में दो रैलियां कर भाजपा के प्रचार को धार दी। पीएम मोदी ने कहा कि अब दुश्मन भी कुछ करने के लिए 100 बार सोचता है। कांग्रेस ने पूर्व सैनिकों और सेना से विश्वासघात किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यह उनकी धाकड़ सरकार थी, जिसने अनुच्छेद 370 की दीवार को गिराया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 कब्रिस्तान में दफन हो चुका है, कांग्रेस को इसे बहाल करने का सपना भूल जाना चाहिए। ठेठ हरियाणवी अंदाज में मोदी ने कहा कि जब एक धाकड़ सरकार होती है तो दुश्मन भी कुछ करने के लिए सौ बार सोचता है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के पास सत्ता में आने पर पांच साल में पांच प्रधान मंत्री बनाने का फॉर्मूला है। क्या इन्हें चुना जाना चाहिए?
अंबाला व सोनीपत के गोहाना में भाजपा की चुनावी रैलियों की शुरुआत हरियाणवियों को राम-राम करते हुए की। उन्होंने राम मंदिर और आरक्षण के मुद्दे उठाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या कोई कमजोर सरकार जम्मू कश्मीर में हालत बदल सकती थी। वो जमाना याद करें, जब कांग्रेस की सरकार थी तो हरियाणा की वीर माताएं दिन-रात चिंता में रहती थी कि कब किसी आतंकी का गोला फट जाए, कब किसी पत्थर से फौजियों का सिर फट जाए।
आज दस साल हो गए हैं, सब कुछ बंद हो गया है। जो पाकिस्तान 70 साल से भारत को परेशान कर रहा था, जिसके हाथ में बम का गोला रहता था, आज उसके उसके हाथ में भीख का कटोरा है। कश्मीर विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। कांग्रेस का इतिहास हमारी सेनाओं और फौजियों को धोखा देने का रहा है।
प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार अंबाला पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से गहरा रिश्ता जोड़ते हुए लोगों से अगले पांच साल के लिए आशीर्वाद मांगा। भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील करते हुए जब उन्होंने कहा कि आपका सपना ही मेरा सपना है, मेरा पल-पल आपके नाम है, पल-पल देश के नाम है तो 45 डिग्री सेल्सियस तापमान में बैठे लोगों की ओर से लगे मोदी-मोदी के नारों से पंडाल गूंज उठा।
अपने चिर-परिचित अंदाज में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर हमला करते हुए कहा-देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने भारत की सेना में ही किया था। जब तक कांग्रेस सत्ता में रही नए-नए घोटाले किए। बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटाला और हेलीकॉप्टर घोटाला। कांग्रेस भारत की सेनाओं को कमजोर बनाकर रखती थी, ताकि विदेश से हथियार मंगवाने के नाम पर मोटी कमाई कर सके। मोदी सरकार के आने पर सेना को आत्मनिर्भर बनाया गया।
जो भारत कभी दूसरे देशों से हथियार मंगवाता था, अब भारत दूसरे देशों को हथियार बेच रहा है। पीएम बोले, मोदी विकसित भारत का संकल्प लेकर निकला है और विकसित भारत के चार स्तंभ हैं। गरीब, युवा, महिलाएं और किसान। मोदी इन्हें मजबूत कर रहा है, ताकि भारत मजबूत हो। लोकसभा चुनावों को कुरुक्षेत्र की लड़ाई बताते हुए कहा, एक तरफ विकास है और दूसरी तरफ वोट जिहाद।
कांग्रेस ने पूर्व सैनिकों के साथ विश्वासघात किया
मोदी ने पूरे देश के पूर्व सैनिकों को साधते हुए कहा-कांग्रेस ने हमारे पूर्व सैनिक के साथ विश्वासघात किया। चार दशक तक कांग्रेस पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन के लिए तरसाती रही। 2014 में जाते-जाते भ्रम फैला गए कि हमने वन रैंक वन पेंशन दे दिया। कांग्रेस के शहजादे 500 करोड़ का कागज लेकर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश में पूर्व सैनिकों के साथ सम्मेलन करते थे, मगर मोदी ने डंके की चोट पर वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा किया। कांग्रेस ने सिर्फ 500 करोड़ दिए थे, जबकि मोदी सरकार अब तक एक लाख 20 हजार करोड़ रुपये सैनिकों के परिवार को पहुंचा चुकी है। उन्होंने कहा-हरियाणा कुरुक्षेत्र की धरती पर जहां सत्य विजयी होता है, उस धरती पर पूर्व सैनिकों के सामने झूठ बोलने का पाप किया गया।
दिल्ली-हरियाणा में हाथ में झाड़ू, पंजाब में कह रहे झाड़ूवाला चोर है
पीएम ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ वोट से मतलब है। कांग्रेस और आप के गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली व हरियाणा में हाथ में झाड़ू लेकर चल रहे हैं और पंजाब में कह रहे झाड़ू वाला चोर है। कांग्रेस दलितों व पिछड़ों का आरक्षण छीनना चाहती है। सिखों व दलितों की नागरिकता देने का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस कह रही है कि वह सत्ता आने पर सीएए कानून को रद्द कर देंगे। मोदी ने कहा कि वह अफगानिस्तान से युद्ध के बीच से श्री गुरु साहिब को अदब से लेकर आए। हमारी सरकार ने ही साहिबजादों की याद में 'वीर बाल दिवस' मनाना शुरू किया। 500 साल बाद अयोध्या में राम मंदिर बना है। लेकिन कांग्रेस व इंडिया गठबंधन के नेता मंदिर को लेकर अपमान जनक बातें करते हैं।
चार चरणों में इंडिया गठबंधन चारों खाने चित
पीएम मोदी ने कहा कि चार जून में अब सिर्फ 17 दिन बचे हैं। चार चरणों के चुनाव में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सभी साथी चारों खाने चित्त हो चुके हैं। इंडी गठबंधन वालों ने देश के खिलाफ जो भी दांव-पेंच चले थे, उन्हें चुनाव के मैदान में जनता-जनार्दन ने खुद पटखनी दे दी है।
पूर्व सैनिकों, खिलाड़ियों, सिखों और किसानों का जिक्र कर समीकरण साध गए मोदी
हरियाणा की कई लोकसभा सीटों पर कांटे की टक्कर का सामना कर रहे भाजपा उम्मीदवारों के लिए पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को संकट मोचक बनकर आए। किसानों के विरोध और पहलवानों के आंदोलन को देखते हुए उन्होंने अंबाला और गोहाना की रैलियों में अपने भाषण में राम मंदिर, अनुच्छेद 370, एमएसपी, वन रैंक-वन पेंशन, खिलाड़ियों व सिखों का जिक्र कर सभी समीकरणों को साधने का भरपूर प्रयास किया।
उम्मीदवारों के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर की काट के लिए उन्होंने मंच से कहा- भाजपा प्रत्याशियों को दिया एक-एक वोट मोदी के खाते में ही आएगा। मोदी है तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं। तपती दोपहर में एक साथ दो रैली कर उन्होंने जीटी बेल्ट के साथ जाट लैंड के भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया।
जांबाज सैनिकों की धरती से अपने प्रचार की शुरुआत कर मोदी ने हरियाणा के लोगों को राष्ट्रवाद और वन रैंक वन पेंशन का जिक्र कर अंबाला से दक्षिण हरियाणा तक करीब तीन लाख फौजियों के परिवारों को साधने की कोशिश की। अग्निवीर योजना को लेकर कुछ लोगों में काफी नाराजगी है।
इस नाराजगी को दूर करने के लिए उन्होंने कहा कि हरियाणा देश विरोधी ताकतों को अच्छी तरह पहचानता है। सिखों को साधने के लिए जहां उन्होंने गुजरी माता का उल्लेख किया, वहीं चार साहिबजादों की याद में वीर बाल दिवस मनाने का फैसले का जिक्र बताने की कोशिश की कि उनकी सरकार सिखों के साथ डटकर खड़ी है।
राम मंदिर का जिक्र कर उन्होंने कांग्रेस को सनातन विरोधी बताकर हिंदुत्व कार्ड खेलने की भी कोशिश की। इंडिया गठबंधन के मुकाबले अपनी धाकड़ सरकार को मजबूत बताकर मोदी ने कहा कि यदि देश को मजबूत बनाना है तो पांच साल में पांच पीएम देने के बजाय एक मजबूत सरकार बनाएं।
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का उन्होंने उदाहरण भी दिया। दोनों रैलियों में खिलाड़ियों का जिक्र कर उनकी भी नाराजगी दूर करने की कोशिश की। सोनीपत और रोहतक लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस पहलवानों का का मुद्दा बनाने में जुटी है। इसकी काट के लिए उन्होंने कहा-दस सालों में खेलों का बजट तीन गुना बढ़ाया है। अब खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के लिए उन्हें रुपये की चिंता नहीं होती। अगले 12 साल में ओलंपिक को भारत में जिक्र कर उन्होंने युवाओं व खिलाड़ियों को भी साधने का प्रयास किया। मोदी ने किसानों की नाराजगी भी दूर करने की कोशिश की। कांग्रेस की सरकार में किसानों की फसलों पर दी गई एमएसपी और भाजपा की सरकार की में दी गई एमएसपी की तुलना कर उन्होंने जताने की कोशिश की कि भाजपा सरकार ही किसानों की असल हितैषी है।
राम से शुरू राम पर खत्म, जलेबी भी मातूराम की
हरियाणावासियों को राम-राम कितना भाता है, यह किसी से छिपा नहीं है। मोदी ने इस मर्म को समझा और दोनों रैलियों में उन्होंने अपना संबोधन राम से शुरू करके राम पर ही खत्म किया। गोहाना में मिठास की बात हुई तो उन्होंने राम से जुड़े गोहाना के मशहूर मातूराम की जलेबी की बात कही। मातूराम की जलेबी का नाम लेकर समस्त सोनीपत-गोहाना निवासियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
हरियाणा के सैनिकों को छोरों कहकर दिखाया अपनत्व
धारा 370 के मसले को भी मोदी ने हरियाणा के इर्द-गिर्द रखा। यहां के युवाओं पर अपनत्व बरसाया। सीमा पर खड़े हरियाणा के छोरों को भी दुलार देने के साथ सुरक्षा का संदेश दिया। हरियाणा के छोरों को गोलियां गिनने की जरूरत नहीं, मोदी ने खुली छूट दे दी, कहकर युवाओं के जज्बे को मोदी फौलाद कर गए।