{"_id":"66c6d07db7893e3a8f08abd8","slug":"minor-tried-to-commit-suicide-in-sonipat-2024-08-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonipat: नशे का आदी बना ट्रांसफर करा लिए 10 लाख रुपये, दबाव से परेशान किशोर ने निगला जहरीला पदार्थ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sonipat: नशे का आदी बना ट्रांसफर करा लिए 10 लाख रुपये, दबाव से परेशान किशोर ने निगला जहरीला पदार्थ
Thu, 22 Aug 2024 11:16 AM IST
निवेदिता वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Thu, 22 Aug 2024 11:16 AM IST
सार
पीड़ित किशोर के पिता व्यवसायी हैं और उनके खाते में लेनदेन के लिए लाखों रुपये पड़े रहते हैं। आरोपियों ने किशोर को नशे की लत लगाई और फिर खाते से लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
विज्ञापन
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सोनीपत के खटीक मोहल्ला में किशोर को नशे का आदी बनाकर उससे पैसों की जबरन वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोर को पिस्तौल दिखाकर करीब दस लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए।
विज्ञापन
अधिक पैसे देने का दबाव बनाने पर किशोर ने परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने किशोर को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। किशोर के पिता की शिकायत पर थाना शहर पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
खटीक मोहल्ला निवासी शशि कुमार ने बताया कि वह व्यवसायी हैं। काम के चलते उन्हें घर से बाहर भी जाना होता है। व्यवसाय के लेनदेन को लेकर उनके खाते में हर समय लाखों रुपये जमा रहते हैं। उन्होंने व्यापारियों की पेमेंट का भुगतान करने को लेकर पत्नी और बेटे को कहा हुआ है। कोई व्यापारी पैसे लेने के लिए आता है तो पैसे उनके खाते में ही ट्रांसफर कर दिए जाते हैं।
विज्ञापन
शशि कुमार ने बताया कि खटीक मोहल्ला निवासी कार्तिक, अशोक कुमार, गीता और साहिल ने उनके नाबालिग बेटे को नशीली गोलियां खिलाकर नशे का आदी बना दिया। वह बेटे को पिस्तौल व चाकू दिखाकर लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोपी उनके बेटे से बार-बार पैसे भी मांगते रहते हैं। जान से मारने के डर के चलते उनके बेटे ने आरोपियों के खाते में करीब दस लाख रुपये तक ट्रांसफर किए हैं।
आरोप है कि जब उनका बेटा स्कूल या कहीं बाहर जाता है तो आरोपी उसके साथ मारपीट करते हैं और पैसे देने का दबाव बनाते हैं। करीब तीन दिन पहले आरोपी साहिल ने उनके बेटे से दो लाख रुपये की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों की हरकतों से तंग आकर बेटे ने 20 अगस्त को जहरीला पदार्थ निगल लिया। बेटे की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर मोहन सिंह, प्रभारी, थाना शहर, गोहाना