Maruti-Suzuki Plant 50 हजार से 1 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार, हरियाणा में विकास को लगेंगे पंख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त को वर्चुअल माध्यम से मारुति सुजुकी प्लांट की आधारशिला रखेंगे। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि खरखौदा क्षेत्र मानेसर और राई व गन्नौर क्षेत्र गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित होंगे।
विस्तार
सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) खरखौदा में करीब 900 एकड़ में मारुति सुजुकी के प्लांट की आधारशिला रखने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। 28 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए प्लांट की आधारशिला रखेंगे। यह हरियाणा के लोगों को बड़ी सौगात देंगे।
सांसद रमेश कौशिक लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आईएमटी में दो साल बाद प्लांट शुरू होने पर क्षेत्र के करीब 50 हजार से एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके बाद खरखौदा मानेसर की तरह विकसित होगा। इसके अलावा राई व गन्नौर क्षेत्र में गुरुग्राम की तरह व गोहाना क्षेत्र में सोहना की तरह तरक्की होगी। सांसद ने कहा कि मारुति सुजुकी प्लांट में 18 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। प्लांट के आधारशिला समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला विशेष रूप से शिरकत करेंगे।
सांसद कौशिक ने कहा कि सोनीपत को बड़ी विकास परियोजनाएं मिली हैं जिससे जिले का नक्शा बदल जाएगा। इनमें रेल कोच फैक्टरी व मारुति प्लांट के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्रमुख रूप से शामिल है। उन्होंने बताया कि कुंडली से पलवल तक केएमपी एक्सप्रेस वे के साथ रेलवे लाइन बिछाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
पानीपत से दिल्ली तक रैपिड ट्रेन के लिए लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए तकनीकी दिक्कतों को जल्द दूर करवाया जाएगा। इस दौरान विधायक मोहनलाल बड़ौली, निर्मल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, जजपा जिलाध्यक्ष पदम दहिया, भाजपा नेता ललित बतरा, जसबीर दोदवा, रविंद्र दिलावर, आजाद सिंह नेहरा, देवेंद्र कौशिक, सतीश धनखड़ आदि मौजूद रहे।
यमुना के साथ-साथ दिल्ली तक बनेगी सड़क
सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि यमुना नदी के साथ दिल्ली से यमुनानगर तक सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए काम किया जा रहा है। ग्रीन हाईवे का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर सोनीपत से जींद का रास्ता मात्र 50 मिनट में तय होगा। रेल कोच फैक्टरी के लोकार्पण को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि उनका प्रयास है कि प्रधानमंत्री स्वयं मौके पर आकर उद्घाटन करें। इसके लिए समय लेने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि अत्याधुनिक वंदे भारत ट्रेन के कोचों की मरम्मत का कार्य यहां किया जाएगा।
सोनाली फोगाट की मौत के मामले में जांच के आधार कानूनी कार्रवाई होगी
पत्रकारों ने भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट की मृत्यु को लेकर किए गए सवाल पर सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के भाजपा पर विधायक खरीदने के आरोप को लेकर किए गए सवाल के जवाब में कहा कि किसी एक विधायक का नाम तो बताएं।
कार्यकर्ताओं से 28 अगस्त को आईएमटी पहुंचने का आह्वान
गन्नौर। सांसद रमेश कौशिक ने विधायक निर्मल चौधरी के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने 28 अगस्त को आईएमटी खरखौदा में होने वाले आधारशिला कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीटी रोड पर बड़ी गांव के निकट 500 बेड का अस्पताल भी बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है। अस्पताल बनने पर लोगों को इसका फायदा होगा। इस दौरान विधायक निर्मल चौधरी, नपाध्यक्ष अरुण त्यागी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष निशांत छौक्कर, योगेश कौशिक, दिनेश अधलखा व पार्षद शिवानी जैन आदि मौजूद रहे।