कुंडली बॉर्डर: एनएच-44 के रास्ते 16 से वाहनों का आवागमन शुरू करने की तैयारी, निर्माण कार्य के लिए मांगी जाएगी सुप्रीम कोर्ट की इजाजत
एनजीटी की तरफ से निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगाना बना निर्माण कार्य में बड़ी बाधा बना है। डीसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से 800 मीटर तक टूटी सड़क को बनाने की इजाजत मांगेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुंडली-सिंघु बॉर्डर से किसानों की घर वापसी के बाद नेशनल हाईवे-44 से वाहनों का आवागमन जल्द चालू कराना प्रशासन व एनएचएआई के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। एनजीटी की तरफ से निर्माण कार्यों पर लगाया गया प्रतिबंध इसमें बड़ी बाधा बन गया है।
ऐसे में डीसी ने अधिकारियों संग निरीक्षण करने के बाद निर्णय लिया है कि एनएचएआई के साथ मिलकर सुप्रीम कोर्ट से कुंडली क्षेत्र में पूरी तरह से खस्ताहाल हुई करीब 800 मीटर सड़क का निर्माण करने की इजाजत मांगी जाएगी। प्रशासन 16 दिसंबर तक वाहनों का आवागमन शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।
किसान आंदोलन स्थगित होने के बाद किसान वापस लौट चुके हैं। अब एनएच-44 पर यातायात सुचारु करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। दो दिन से जहां एनएचएआई व प्रशासनिक अमला एनएच-44 पर करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई व छोटी-मोटी मरम्मत में जुटा है।
वहीं, दिल्ली पुलिस की ओर से कंक्रीट की दीवारों को तोड़ने का काम लगभग पूरा हो गया है। इसी बीच, सोमवार शाम को डीसी ललित सिवाच, एसपी राहुल शर्मा व एसडीएम शशि वसुंधरा के साथ एनएचएआई के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और अब तक हुए कार्य का जायजा लिया।
डीसी ललित सिवाच ने बताया कि हरियाणा के क्षेत्र में सफाई का काम पूरा हो चुका है जबकि गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। उधर, दिल्ली की ओर से भी काम जारी है और सोनीपत प्रशासन भी दिल्ली प्रशासन की मदद को तैयार है। हरियाणा की तरफ रास्ते में अब कोई बाधा नहीं है।
सिंघु बॉर्डर पर रखे कंटेनरों में भरी है मिट्टी, हटाने में लग रहा समय
सिंघु बॉर्डर पर कंक्रीट की दीवारों को लगभग हटाया जा चुका है, लेकिन यहां दीवारों के साथ रखे कंटेनरों को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। इन कंटेनरों में मिट्टी भरी है, जिसके कारण इन्हें हटाने के लिए दिल्ली प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन्हें बड़ी जेसीबी मशीन की मदद से हटाने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन इससे पहले इनमें से मिट्टी निकाली जाएगी।
प्याऊ मनियारी व कुंडली प्राथमिक स्कूल के पास होना है पैचवर्क
एनसीआर में प्रदूषण के कारण एनजीटी ने फिलहाल निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगा रखा है, जिसके कारण सडक़ की मरम्मत का काम नहीं किया जा सकता है। ऐसे में हरियाणा की तरफ दोनों ओर के सर्विस रोड पर बने गड्ढों को पत्थरों व मिट्टी से भरा जा रहा है और दुरुस्त किए जा रहे हैं, लेकिन प्याऊ मनियारी से नरेला तक जाने वाले करीब 400 मीटर रोड व कुंडली में प्राथमिक स्कूल के पास करीब साढ़े 300 मीटर रोड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। इसकी मरम्मत के लिए सुप्रीम कोर्ट से विशेष इजाजत लेने का प्रयास किया जाएगा।
दो दिन में पूरा हो जाएगा काम
डीसी ललित सिवाच ने कहा कि जिला प्रशासन की तरफ से हरियाणा की सीमा को अवरोध मुक्त कर दिया गया है। कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर यातायात शुरू करवाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। प्रशासन की तरफ से सबसे पहले सफाई का कार्य करवाया गया। इस मार्ग पर यातायात को बहाल करने के सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। बॉर्डर पर जिला की सीमा में लगे सभी अवरोधों को हटा दिया गया है तथा दिल्ली की सीमा में भी अवरोधों व दीवारों को हटाने का काम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व सरकार की तरफ से शुरू कर दिया गया है। इस मार्ग पर बने गड्ढे 24 घंटे में भरवा दिए जाएंगे।