नियम 134ए के तहत पात्र विद्यार्थियों को अलॉट स्कूल में दाखिला दिलवाने के लिए सोमवार को आंबेडकर पार्क में बैठक हुई। छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान नियम 134ए के तहत पात्र विद्यार्थियों को दाखिला दिलवाने की मांग को लेकर विचार विमर्श किया गया। प्रवेश कुमारी ने कहा कि जब तक पात्र विद्यार्थियों को दाखिला नहीं मिल जाता, तब तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना देंगे। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा अभिभावकों को इस मामले में एकजुट होने की बात कही।
प्रवेश कुमारी ने कहा कि सरकार ने नियम 134ए खत्म कर दिया है, लेकिन वे केवल उन विद्यार्थियों के लिए निजी स्कूल में दाखिले की मांग कर रहे हैं, जिन्हें इस नियम के तहत स्कूल अलॉट हो चुके थे। उच्च न्यायालय ने भी इसके लिए आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि शिक्षा विभाग व सरकार इस तरफ ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र नरवाल ने अभिभावकों को आश्वासन दिया था कि वे इस बारे में पंचकूला में उच्चाधिकारियों से बात करेंगे। इसके लिए उन्हें सोमवार तक का समय दिया था। प्रवेश कुमारी ने कहा कि समय पूरा हो गया है। मंगलवार को सभी अभिभावक इकट्ठे होकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान यदि पात्र विद्यार्थियों को दाखिले देने का रास्ता साफ हो जाता है तो ठीक, अन्यथा डीईओ कार्यालय पर ही धरना देंगे। यह धरना रोजाना सुबह से शाम तक जारी रहेगा। जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक वे संघर्ष करते रहेंगे। बैठक में धर्मेंद्र शर्मा, नवीन, हेमा, प्रीति, लक्ष्मी, रीतू, राजेश सहित अनेक अभिभावक मौजूद रहे।