सोनीपत: टैक्स चोरी मामले में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का छापा, ट्रक का सामान खंगाला, शुरुआती जांच में मिला गड़बड़झाला
आरटीए की ओर से पकड़े गए ओवरलोड ट्रक में भरे सामान की जांच की गई। शुरुआती जांच में करीब तीन लाख रुपये के टैक्स का गड़बड़झाला मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में मुरथल स्थित रोडवेज ट्रेनिंग सेंटर में जिला परिवहन विभाग की तरफ से पकड़े गए ट्रक की जांच के लिए मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग (ईटीओ) की टीम ने छापा मारा। कार्रवाई टैक्स चोरी कर सामान की आपूर्ति किए जाने के मामले में की गई। ट्रांसपोर्टर के एक ट्रक को सोनीपत में आरटीए की टीम ने ओवरलोडिंग के चलते पकड़ लिया था। उस ट्रक के सामान की प्रारंभिक जांच में टीम को करीब तीन लाख रुपये की टैक्स का गड़बड़झाला मिला है। पुलिस ट्रांसपोर्टर के अन्य ट्रकों का पता लगा रही है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि एक ट्रांसपोर्टर के ट्रकों में टैक्स चोरी कर माल की आपूर्ति की जा रही है। उनके ट्रकों में दिल्ली से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से दिल्ली-गाजियाबाद को टैक्स चोरी कर सामान भिजवाया जाता है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम ने प्रवीण कुमार के एक ट्रक को रोहतक के कबीरपुर बाईपास पर पकड़ लिया।
वहीं उसके दूसरे ट्रक को मुरथल में आरटीए की टीम ने ओवरलोडिंग के चलते पकड़ लिया। मुरथल में ट्रक पकड़े जाने की सूचना पर आबकारी एवं कराधान विभाग गुरुग्राम की टीम मुरथल पहुंची। टीम का नेतृत्व डीटीओ (जिला कराधान अधिकारी) पुष्पेंद्र कुमार कर रहे थे।
टीम ने मुरथल में परिवहन निगम के प्रशिक्षण केंद्र में ट्रक के सामान को उतरवाया। उसके बाद प्रारंभिक जांच में करीब तीन लाख रुपये की टैक्स का गड़बड़झाला मिला है। इसके साथ ही जांच आरंभ कर दी गई है। जांच के दौरान टीम में ईटीओ के इंस्पेक्टर संजय शर्मा, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, एसआई राज सिंह, दिलावर सिंह, शेर सिंह, सोनीपत से वीरेंद्र व राजेश मौजूद रहे।
प्रारंभिक जांच में करीब तीन लाख रुपये की टैक्स के गड़बड़झाले का अनुमान है। सामान के बिल व रवन्ना मिल जाने के बाद सही आकलन हो सकेगा। ट्रांसपोर्टर सामान के वास्तविक व्यापारियों को नहीं बुलाता है, तो टैक्स कई गुना बढ़ जाएगा। - पुष्पेंद्र कुमार, डीटीओ, गुरुग्राम