Sonipat: आज बंद रहें फिलिंग स्टेशन, पेट्रोल-डीजल-CNG नहीं मिलेंगे, लूट की घटनाओं के विरोध में लिया फैसला
सोनीपत में लूट के साथ ही पेट्रोल-डीजल डलवा कर भागने के मामले भी लगातार हो रहे हैं। इसके विरोध में शुक्रवार सुबह छह बजे से शनिवार सुबह छह बजे तक फिलिंग स्टेशन संचालक हड़ताल पर रहेंगे।
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले में फिलिंग स्टेशनों पर हुई लूटपाट की घटनाओं को लेकर अल्टीमेटम देने के बाद भी पुलिस कुल्हाड़ी गैंग को गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। जिससे रोष स्वरूप पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से 24 घंटे तक पेट्रोल पंप बंद रखने का एलान किया है। गुरुवार को इसे लेकर आयोजित बैठक में सरकार व प्रशासन से कारोबारियों के लिए सुरक्षित माहौल देने की मांग की गई।
साथ ही लुटेरों के तत्काल गिरफ्तार नहीं होने पर प्रदेश के पेट्रोल पंप को बंद कराने की चेतावनी दी गई है। वहीं सोनीपत में लूट के साथ ही पेट्रोल-डीजल डलवा कर भागने के मामले भी लगातार सामने आ रहे है जिसमें पुलिस की कार्रवाई नहीं किए जाने से भी पेट्रोल पंप संचालकों में रोष है।
पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने कुल्हाड़ी गैंग की लगातार बढ़ रही वारदात को लेकर गुरुवार को आपात बैठक की। फिलिंग स्टेशन संचालकों ने लगातार हो रही लूट की घटनाओं और हमलों के चलते माहौल असुरक्षित होने का आरोप लगाया। बैठक में जिले के करीबी 200 फिलिंग स्टेशनों में से 70 के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर सहयोग नहीं करने और लूटपाट-हमले की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। पेट्रोल पंपों पर लूट व लूट की कोशिश की चार घटनाएं हो जाने के बावजूद बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष जताया। उनका कहना था कि पेट्रोल पंपों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ऐसे माहौल में कारोबार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में प्रशासन को चेतावनी देने के लिए वह पहले 24 घंटे की हड़ताल कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह छह बजे से 24 घंटे तक फिलिंग स्टेशन पूरी तरह बंद रखे जाएंगे। किसी को पेट्रोल-डीजल व सीएनजी नहीं दी जाएगी।
डर के चलते काम करने से मना कर रहे सेल्समैन
पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के जिला प्रधान परविंद्र खत्री ने बताया कि बदमाश पिस्तौल और कुल्हाड़ी लेकर आते हैं और आते ही कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करने लगते हैं। इससे सेल्समैन में भय का माहौल है। सेल्समैन काम करने को तैयार नहीं हैं। रात में तो ज्यादातर पंप बंद किए जाने लगे हैं। जब सेल्समैन ही नहीं मिलेंगे तो काम कैसे किया जाएगा। सेल्समैन को सुरक्षा की गारंटी चाहिए।
बदमाशों को पकड़ने वाले कर्मियों को मिलेगा एक लाख का इनाम
एसोसिएशन ने लुटेरों को पकड़वाने या पकड़ने वाले सेल्समैन को एक लाख रुपये का इनाम देने का एलान किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सेल्समैन और ग्राहक मिलकर प्रयास करें तो कुल्हाड़ी गैंग को पकड़ा जा सकता है। इसके लिए एसोसिएशन ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
भोला फिलिंग स्टेशन से 18 हजार का पेट्रोल-डीजल लेकर भागे कार सवार
लूटपाट के साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों से पेट्रोल-डीजल लेकर भागने के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को कुंडली में लूट का प्रयास होने की वारदात से पहले ही गांव छतेहरा स्थित भोला फिलिंग स्टेशन से कार सवार 18 हजार का पेट्रोल-डीजल भी लेकर भाग गए थे। भोला फिलिंग स्टेशन के मैनेजर पंकज ने बताया कि एसयूवी कार में सवार होकर युवकों ने पहले कार की टंकी को भरवाया। जिसमें करीब छह हजार रुपये का डीजल आया। उसके बाद उन्होंने कैन में 12 हजार रुपये का पेट्रोल भी डलवाया। इस दौरान सेल्समैन जब नोजल को मशीन में लगाने लगा तो कार सवार मौके से बिना पैसे दिए ही भाग गए। उन्होंने इस संबंध में बारोटा चौकी पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चोपड़ा पंप पर भी लूट से पहले पेट्रोल-डीजल लेकर भागने की हो चुकी वारदात
कुंडली के पास स्थित चोपड़ा फिलिंग स्टेशन पर 19 अगस्त की रात को एक लाख रुपये की लूट हुई थी। फिलिंग स्टेशन पर इससे पहले भी पेट्रोल-डीजल भरवा कर भागने की कई वारदात हो चुकी है। महज एक माह में ही तीन वारदात हो चुकी हैं। जिसमें पुलिस को जानकारी देने पर भी कार्रवाई नहीं हो सकी। फिलिंग स्टेशन संचालक मनीषा शर्मा का कहना है कि दोपहिया वाहन से लेकर कार सवार तक पेट्रोल-डीजल भरवा कर भाग जाते हैं। इसी माह एक वाहन चालक ने भागते हुए रेंप तक को तोड़ दिया था। इससे दोहरा नुकसान हुआ। तेल के पैसे नहीं मिलने के साथ ही रेंप का पत्थर भी टूट गया।
सरकार अपने वादे के अनुसार सुरक्षित व भयमुक्त कारोबारी माहौल उपलब्ध नहीं करा पा रही है। जल्द बदमाश गिरफ्तार नहीं किए जाते हैं तो हड़ताल को प्रदेशव्यापी किया जा सकता है। वहीं सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री के आगमन के दिन 28 अगस्त को जिले में सभी पेट्रोल पंप पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया जाएगा। -राजकुमार कटारिया, प्रदेश सचिव, पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन।
फिलिंग स्टेशन पर हो रही लूट की वारदातों को लेकर मैंने एसपी से बात की है। एसपी ने जल्द बदमाशों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। आपराधिक वारदात करने वालों को किसी सूरत में बाहर नहीं रहने दिया जाएगा। उन्हें जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। -रमेश कौशिक, सांसद, सोनीपत।