सोनीपत: जमीन के विवाद में युवा किसान ने सुसाइड नोट लिख कोर्ट परिसर में खाया जहर, मौत
गांव शहजादपुर के युवक का आरोप है कि उसकी जमीन पर एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर ले ऋण रखा है। उसके रिश्तेदार व गांव के लोग भी इसमें शामिल हैं। युवक ने मरने से पहले सुसाइड नोट लिखा और वीडियो भी वायरल किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव शहजादपुर के युवा किसान ने जमीन के विवाद में कोर्ट परिसर के अंदर जहर खा लिया। युवक की हालत बिगड़ी तो उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले युवक के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश करने व उसकी मौत होने के बाद आठ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज किया है। युवक के पास से सुसाइड नोट मिलने के साथ ही उसके जहर खाने के बाद का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
गांव शहजादपुर के सुनील ने ऋषि नगर के रहने वाले इंद्रपाल पर उनकी जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर कर उसकी जमीन पर चार लाख से अधिक का ऋण लेने का आरोप लगाया था। उसने बताया था कि जिस जमीन पर उन्होंने कई साल पहले लोन लिया था, उसकी उसी जमीन पर इंद्रपाल ने लोन लिया है। जिसका पता लगने पर वह लंबे समय से तहसील व पटवारखाने का चक्कर काट रहा है।
उसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। सुनील ने आरोप लगाया था कि उनका पहले से लोन होने के बावजूद उसकी जमीन पर दूसरे बैंक से लोन ले लिया गया। पटवारी ने रजिस्टरों में छेड़खानी की है। वह सीएम विंडो से लेकर परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायत कर चुका है। उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर सुनील सोमवार को कोर्ट परिसर में आकर जहर निगल लिया।
उसके भाई ने उसे गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर युवक की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पहले सुनील के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया था।
उसकी मौत के बाद मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने ऋषि नगर के इंद्रपाल, उसके बेटे विनोद, उनके रिश्तेदार विजय, प्रवीन और गांव शहजादपुर के वेदप्रकाश, हरिओम, अनिल व संजय को नामजद किया है। पुलिस ने खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुनील के शव का पोस्टमार्टम कराया।
परिवहन मंत्री से लेकर सीएम तक लगा चुका था गुहार
सुनील के भाई अमित ने पुलिस को बताया कि उसका भाई परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से लेकर सीएम विंडो तक गुहार लगा चुका था। उसके भाई ने सीएम के पास ट्वीट तक किया था। परिवहन मंत्री ने जांच कराने के लिए कमेटी बनाने के आदेश दिए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उसका भाई हताश था। उसने मामले में प्रशासनिक अमले की भूमिका की भी जांच की मांग की है। उसने बताया कि सुनवाई नहीं होने पर उसके भाई ने जहर खा लिया।
सुसाइड नोट के साथ ही वीडियो बनाकर वायरल किया
पुलिस ने सुनील की जेब से सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें उसने आठ लोगों पर आरोप लगाए हैं। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं उसने जहर खाने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान का अपना वीडियो बनाकर भी वायरल किया है। जिसमें वह इंद्रपाल व अन्य पर आरोप लगा रहा है। उसके बाद उसकी मौत हो गई।
सुसाइड नोट में लिखा मां मुझे माफ करना
युवक के पास से मिले दो पेज के सुसाइड नोट में उसने दूसरे पेज पर लिखा है कि मां मुझे माफ कर देना। मैं आपसे दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करता हूं। मैं आप लोगों को छोड़कर जा रहा हूं। हिम्मत मत हारना, तेरा बेटा अपने हक की लड़ाई लड़ते-लड़ते मर गया, लेकिन इनके साथ राजीनामा नहीं किया। आज नहीं तो कल हमारी जमीन मिल जाएगी, आप सभी खुश रहना। आप सब से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। आप लोगों को कैसे बताता कि रिश्वत व सिफारिश के सामने सच और न्याय की बातें कोई महत्व नहीं रखतीं। बात न्याय और सच्चाई की हो तो मरना ही पड़ता है। इंसाफ और हक की लड़ाई में हर दिन आखिरी होता है। मेरी मौत के जिम्मेदार आठ लोगों पर जरूर कार्रवाई कराना। इन्होंने तहसील का रिकॉर्ड ही नहीं मेरी जिंदगी को मौत में बदल दिया। उसने सरकार और कानून से इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ताकि किसी अन्य को न मरना पड़े।
जमीन के विवाद के चलते युवक ने जहर निगल लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। युवक के पास मिले सुसाइड नोट के आधार पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज किया है। युवक ने पटवारियों के रिकॉर्ड में छेडख़ानी का आरोप लगाया है। मामले की गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। -संदीप कुमार, चौकी प्रभारी, कोर्ट कांप्लेक्स सोनीपत।