सोनीपत: कार सवार ट्रांसपोर्टर व उसके साथियों पर हमला कर डेढ़ लाख रुपये लूटे, 30 किलोमीटर पीछा कर की वारदात
लुटेरों ने गन्नौर से दिल्ली जाने के दौरान 30 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। राई थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपियों में ट्रांसपोर्टर का पूर्व कर्मचारी भी शामिल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में राई क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर गांव राई के पास का लुटेरों ने कार सवार ट्रांसपोर्टर व उसके साथियों पर चाकू व राड से हमला कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूट ली। गन्नौर से दिल्ली जा रहे ट्रांसपोर्टर का बदमाश करीब 30 किलोमीटर से ही पीछा कर रहे थे। शक होने पर ट्रांसपोर्टर ने सड़क किनारे एक ढाबे के पास कार रोक दी। इसके बाद ही बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपियों में एक ट्रांसपोर्टर का पूर्व कर्मचारी भी शामिल है।
दिल्ली के बुराड़ी स्थित शक्ति एंक्लेव निवासी नरेंद्र कुमार ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह शनिवार सुबह अपने साथी बुराड़ी के नवीन कुमार और जांटी के संदीप कुमार के साथ गन्नौर आया था। वह दोपहर को गन्नौर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। उन्हें शक हुआ कि एक कार गन्नौर से उनका पीछा कर रही है। शक दूर करने के लिए उन्होंने अपनी कार को सड़क किनारे रोककर देखा तो पीछे चल रही कार भी रुक गई।
इस पर वह कार को दौड़ाकर राई के पास गोल्डन हट ढाबे के निकट लेकर आ गए और वहां कार को रोक दिया। इस पर पीछा कर रही कार भी उनके पीछे रुक गई। इसी दौरान कार के साथ ही दो-तीन अन्य कार आ गईं। नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनमें से सात-आठ युवक उतरे और उनपर राड व चाकू से हमला कर दिया।
हमलावरों ने नवीन कुमार को तीन चाकू मारे। पेट, कमर व बाजू में चाकू लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े, जबकि संदीप और नरेंद्र पर राड से हमला करके सड़क पर गिरा दिया गया। उन्होंने उनसे डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। बाद में वह वहां से भाग गए।
नरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में एक राजबीर है। वह पहले उसके पास काम करता था। उसे काम से निकाल दिया गया था। उसने ही अपने साथियों संग मिलकर हमला किया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर नवीन कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने नरेंद्र कुमार के बयान पर डकैती का केस दर्ज कर लिया है।
शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई