सोनीपत में हादसा: अज्ञात वाहन से टकराकर कार में लगी आग, जिंदा जला सवार
गांव मेहंदीपुर निवासी राकेश कुमार डेयरी चलाता था। वह शनिवार देर शाम कार लेकर मुरथल एक शादी समारोह में गया था। उसके बाद वह नहीं लौटा। रविवार सुबह जब दीपालपुर के ग्रामीण कुमासपुर रोड स्थित खेतों की तरफ गए तो उन्हें एक कार जली हुई मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनीपत के गांव कुमासपुर-नांदनौर रोड पर अज्ञात वाहन से टकराने के बाद कार में आग लग गई और चालक जिंदा जल गया। सुबह ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो जली कार देखकर राई थाना पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार के नंबर के आधार पर शव की पहचान कराकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार के अंदर जली अवस्था में एक मोबाइल फोन भी मिला है जिसकी जांच की जाएगी।
गांव मेहंदीपुर निवासी राकेश उर्फ फुलकवार (34) शनिवार शाम को अपनी आई-20 कार लेकर मुरथल एक शादी समारोह में गया था। उसके बाद वह नहीं लौटा। रविवार सुबह जब कुमासपुर के ग्रामीण नांदनौर रोड पर पहुंचे तो उन्हें एक कार जली हुई हालत में मिली।
कार में चालक सीट पर जला हुआ था। जिस पर उन्होंने राई थाना पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद राई थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार व बहालगढ़ चौकी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि कार मेहंदीपुर के राकेश उर्फ फुलकवार की है।
कार राकेश ने समालखा की वीरमति से दो साल पहले खरीदी थी। शव बुरी तरह जलने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा था। जिस पर पुलिस ने राकेश के परिजनों को अवगत कराया। अपनी कार के अंदर शव मिलने के चलते राकेश के भाई राजकुमार ने अपने भाई का शव होने की बात कही।
राजकुमार ने बताया कि उसका भाई शादी समारोह में मुरथल गया था। वहां से न आने के कारण देर रात उन्होंने राकेश के पास फोन किया था, लेकिन उसके नंबर पर संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने शादी वाले परिवार से पूछा तो पता लगा कि उसका भाई निंदर नाम के युवक के साथ था।
हालांकि निंदर ने इस बारे में मना कर दिया। बाद में सुबह पुलिस ने उनकी कार के जली हालत में मिलने की जानकारी दी। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में शव के अवशेषों का एक्स-रे व पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। राजकुमार ने अंदेशा जताया कि उसके भाई की कार आगे किसी वाहन में टकरा गई। जिसके चलते कार में आग लग गई। इसी कारण उसके भाई की मौत हो गई।
शव की शनाख्त की पुष्टि के लिए कराया जाएगा डीएनए
पुलिस का कहना है कि मृतक के भाई ने उनकी कार में शव मिलने के चलते उसे अपना भाई का शव होने की बात कही है। ऐसे में पुलिस पुष्टि के लिए शव का डीएनए टेस्ट कराएगी। इसके लिए शव से सैंपल ले लिया गया है। अब परिवार के सदस्य के बाल लेकर डीएनए कराया जाएगा।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कार में मिले शव की पहचान परिजनों ने राकेश के रूप में की है। राकेश के पास एक बेटा व एक बेटी है। जिसमें बेटा 14 साल का व बेटी 11 साल की है। राकेश की मौत के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते नजर आए।
परिवार के सदस्य ने हाथों में पॉलीथिन बांधकर एकत्रित किए अवशेष
कार के अंदर राकेश का शव चालक सीट पर पूरी तरह से जली हालत में मिला है। ऐसे में उनके परिवार के एक सदस्य ने हाथों में पॉलीथिन बांधकर पुलिस की मदद से शव के अवशेष एकत्रित किए। शव का धड़ ही बचा है। अन्य शरीर पूरी तरह से जल चुका था।
गांव में भाई के साथ डेयरी चलाता था राकेश
राजकुमार ने बताया कि वह अपने भाई राकेश के साथ गांव में ही डेयरी चलाता है। डेयरी का काम काफी बेहतर चल रहा है। उसके भाई ने समालखा की वीरमति से गाड़ी खरीदी थी। जिसे वह प्रयोग करते थे। कार की नंबर प्लेट से ही पुलिस ने वीरमति से संपर्क किया, जिसने कार को राकेश को बेचने की बात कही।
कुमासपुर-नांदनौर रोड पर कार में चालक के जलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने कार के आधार पर शव की पहचान की है। ऐसे में पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। कार का आगे का हिस्सा दुर्घटनाग्रस्त मिला है। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि अन्य वाहन में टकराने से कार में आग लग गई। अज्ञात वाहन चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।- इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई