सोनीपत: महिला ने दुष्कर्म व नकदी छीनने का लगाया आरोप, व्यक्ति ने जहर निगलकर आत्महत्या का किया प्रयास
महिला का आरोप है कि उधार दिए पैसे देने के बहाने बुलाने के बाद शीतल पेय में नशीला पदार्थ पिला दुष्कर्म किया। वहीं व्यक्ति की पत्नी ने महिला के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास के लिए विवश करने व जबरन पैसे मांगने का आरोप लगाया। बहालगढ़ थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान पर मुकदमा दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में बहालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव की महिला ने पति के दोस्त पर दुष्कर्म करने, नकदी, चेन व कागजात छीनने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने भी उसका साथ दिया। जब मामले का पता व्यक्ति को लगा तो उसने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। व्यक्ति की पत्नी ने दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला व उसके परिजनों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने, लाखों रुपये हड़पने व दस लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
बहालगढ़ थाना के गांव की महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति के दोस्त ने 6 लाख रुपये उधार लिए थे। उसने फोन कर कहा कि वह पैसे ले जाए। तब उसने उसे कहा था कि वह सोनीपत जा रही है। व्यक्ति उसके पास आ गया और उसे कार में बैठा लिया। उसके मना करने के बावजूद उसे शीतल पेय पिला दिया। इसके बाद उसे एक होटल के कमरे में ले गया।
वहां पर भी उसे शीतल पेय पदार्थ पिलाया। इसके बाद वह बेसुध हो गई। जब उसे होश आया तो वह निर्वस्त्र थी। होटल के कमरे में व्यक्ति, उसकी पत्नी व रिश्तेदार थे। उन्होंने उससे 54 हजार रुपये, सोने की चेन, मोबाइल व आधार कार्ड छीन लिया।
उसे जान से मारने की धमकी दी गई। बहालगढ़ थाना पुलिस ने व्यक्ति व परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित महिला का मेडिकल कराया गया है।
उधर, दुष्कर्म व पैसे और चेन छीनने का मुकदमा दर्ज होने के बाद दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने जहर खा लिया। उसे सोनीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। व्यक्ति की पत्नी ने भी मुकदमा दर्ज कराया है।
उसने आरोप लगाया है कि जिस महिला ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है, उसके साथ उसके पति के लंबे समय से अवैध संबंध थे। 22 मार्च को उसका पति उस महिला के साथ घूमने के लिए गया था। उसे पहले से शक होने की वजह से उसने दोनों को मुरथल के एक होटल से पकड़ लिया था।
इसके बाद महिला ने उसके पति व परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला व उसका परिवार अभी तक 16 लाख 60 हजार रुपये हड़प चुका है। वह अब भी दबाव बनाकर दस लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। इसी वजह से उसके पति ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। पुलिस ने उसके बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक महिला ने दुष्कर्म व पैसे और चेन छीनने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही दूसरी महिला ने पति पर दबाव बनाकर पैसे मांगने व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दोनों मामलों की गहनता से जांच कर रही है। - इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़