हरियाणा : गोहाना में दो छात्रों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ने मौके पर दम तोड़ा, दूसरे की सांसें अस्पताल में थमी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोहाना में ड्रेन नंबर-8 के पास दो दोस्तों की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। दोनों युवक बुलेट पर गांव रभड़ा से शहर दवा लेने आए थे। हमलावर युवकों की बाइक लेकर फरार हो गए। मृतक रोहित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर लिया है।
वारदात चार माह पहले गांव रभड़ा में हुई शराब कारोबारी की हत्या की रंजिश में किए जाने का आरोप है। भाग रहे कुछ हमलावर सीसीटीवी में दिखाई दिए हैं। सूचना के बाद एएसपी निकिता खट्टर व थाना प्रभारी सवित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल की टीम को बुलाकर सुबूत जुटाए हैं।
गांव रभड़ा निवासी 20 वर्षीय रोहित और गांव सिकंदरपुर माजरा निवासी 21 वर्षीय साहिल दोनों दोस्त थे। आईटीआई में कोर्स करने के बाद वह नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। रोहित के पिता विजय ने बताया कि उसके बेटे की तबीयत खराब थी। रोहित गुरुवार को बुलेट पर अपने दोस्त साहिल के साथ गोहाना दवा लेने आया था। जब वह ड्रेन नंबर-8 के पुल से विष्णु नगर की तरफ मुख्य रास्ते पर गए तो कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
दोनों युवक घायल होकर गिर पड़े और हमलावर रोहित की बाइक लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने रोहित को गोहाना के सामान्य अस्पताल और साहिल को गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से अलग-अलग हथियारों से चलाई गईं गोलियों के नौ खोल बरामद किए हैं। इसमें एक खोल बंदूक, एक खोल राइफल और अन्य खोल पिस्तौल के बताए जा रहे हैं। दोनों की हत्या को गांव रभड़ा में चार माह पहले हुई शराब कारोबारी रसिया पहलवान की हत्या की रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
रसिया पहलवान के परिजनों को शक था कि रोहित वारदात में शामिल था। रोहित के पिता विजय का कहना है कि उसी रंजिश में उसके बेटे और साहिल की हत्या की गई है। विजय की शिकायत पर पुलिस ने गांव रभड़ा निवासी सुपारी, सन्नी, राहुल, बलजीत, रसिया पहलवान के भांजे कुक्कू और अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर लिया है।
दो युवकों की गोली मारकर हत्या की गई है। हमलवार उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में दो बाइकों पर तीन हमलावर दिखाई दिए हैं। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द हमलावरों को गिरफ्तार कर हत्या के कारणों से पर्दा उठाया जाएगा। - निकिता खट्टर, एएसपी, सोनीपत।