{"_id":"e21ba940531a86704e1d097d9e03eba6","slug":"gangrape-hindi-news-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"ये तो मुझे जानती है, सबको मरवा देगी... और कर दी हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
ये तो मुझे जानती है, सबको मरवा देगी... और कर दी हत्या
दीपक वर्मा/अमर उजाला सोनीपत
Updated Sun, 25 Oct 2015 12:42 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव अटेरना के पास सुनसान इलाका। रात के करीब 11.30 बजे हुए थे। पांच वहशी दरिंदों से घिरी 14 साल की किशोरी फूट-फूटकर गुहार लगा रही थी, मुझे बख्श दो, जाने दो। लेकिन जितना वो चीखी-चिल्लाई, उतना ही उन दरिंदों की हैवानियत बढ़ती गई। दो घंटे तक आरोपी मासूम का जिस्म नोचते रहे।
विज्ञापन
किशोरी की चीख दरिंदों के अट्टहास में दबकर रह गई। दरिंदगी की हद तब पार हो गई, जब आरोपियों में से एक ने किशोरी से उसका नाम-पता पूछा। जैसे ही किशोरी ने नाम-पता बताया, दरिंदों की आंखों में खुद बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई। एक बोला, ये तो मुझे जानती है, सबको मरवा देगी। और फिर... एक के बाद एक ईंट से कई वार किशोरी के सिर पर किए गए।
विज्ञापन
जब वह थोड़ी बेसुध हुई तो उसी की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया और गांव नांगल कलां के पास ले गए। वहां रजबाहे के पास जेसीबी से गड्ढा खोदकर मिट्टी इकट्ठी की गई थी। इसी मिट्टी के ढेर में किशोरी का शव दबाकर उन पांचों ने अपने काले कारनामों को दफनाने की कोशिश की। हैवानियत की यह कहानी पढ़ते या सुनते समय लोगों की रूह तक कांप जाए, लेकिन पुलिस के सामने जब आरोपियों ने अपनी करतूत बताई तो उनके चेहरे पर शिकन तक नहीं थी।
विज्ञापन
बॉर्डर पर ही जाग गया था पांचों का शैतान
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि बॉर्डर पर तीन लड़कियों, दो लड़कों सहित मियां-बीवी उतरे थे तो पांचों ऑटो में ही बैठे थे। लड़कियों में सबसे बड़ी उस 14 वर्षीय किशोरी को देखकर पांचों का शैतान जाग गया था। उसी समय पांचों ने प्लानिंग कर ऑटो में सवार होकर परिवार के पीछे लग गए थे।
पहले भी छेड़छाड़ कर चुके हैं आरोपी
आरोपी इससे पहले भी छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पांचों बॉर्डर से बहालगढ़ के रूट पर अपने ऑटो चलाते थे। देर रात जब ये वापस आते थे, तब कई बार राह चलते महिलाओं से छेड़छाड़ और मारपीट भी की। देर रात जीटी रोड किनारे कई श्रमिकों के साथ किराए को लेकर बहस होने के बाद ये इकट्ठे होकर मारपीट करते थे। इसलिए ऑटो में डंडे भी रखते थे।
प्रवीण ने मारा था भाई को
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जब किशोरी साइकिल पर सवार होकर जाने लगी थी, तभी उन लोगों का माथा ठनक गया था। प्रवीण ने ऑटो में रखा डंडा उठा लिया और साइकिल पर चलते किशोरी के भाई के सिर में दे मारा। भाई के गिरते ही उन्होंने किशोरी को उठा लिया और ऑटो भगा ले गए।
ऑटो में ही शुरू कर दी थी छेड़खानी
किशोरी का अपहरण करने के बाद चार आरोपियों ने किशोरी के साथ चलते ऑटो में ही छेड़खानी शुरू कर दी थी। एक आरोपी ऑटो चला रहा था। किशोरी ने विरोध करने की कोशिश की तो एक ने उसके बाल पकड़ लिए। सबूत के तौर पर एफएसएल टीम ने ऑटो में बाल के सैंपल भी बरामद किए हैं, जिन्हें टेस्ट के लिए भेजा गया है।
किसी को कुछ नहीं बताऊंगी, जाने दो
बताया गया है कि किशोरी चलते ऑटो से लेकर अपने मुंह पर किए गए ईंट के पहले वार तक दरिंदों के सामने रहम की भीख मांगती रही। आरोपियों ने इकबालिया जुर्म में बताया है कि वो बार-बार कह रही थी कि मुझे जाने दो, बख्श दो। मैं तुम्हारे आगे हाथ जोड़ती हूं। जब उन्हें पहचान उजागर होने का अंदेशा हुआ तो उन्होंने ईंट की तलाश की। इस दौरान भी किशोरी अपनी जान की भीख मांगती रही। उसने ये भी कहा वह किसी को कुछ नहीं बताएगी, उसे जाने दो। उसकी जान बख्श दो। लेकिन पांचों को डर था कि उनकी पहचान हो जाएगी। इसीलिए उन्होंने किशोरी की हत्या कर दी।
पांच दिन पहले लिया था नया ऑटो, उसी की पार्टी
वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद कर लिया गया है। यह ऑटो आरोपी नितिन का है। उसने पांच दिन पहले ही नया ऑटो लिया था। ऑटो के अभी तक कागजात भी तैयार नहीं करवाए गए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नए ऑटो की ही पार्टी देने के लिए नितिन अपने साथियों के साथ इकट्ठा हुआ था। बता दें कि मामले में नाबालिग को छोड़कर अन्य तीन आरोपियों के पास भी ऑटो हैं। नाबालिग आरोपी अन्य चारों के ऑटो चलाता था।
गैंगरेप का पांचवां नाबालिग आरोपी काबू
राई। किशोरी को अगवा कर गांव जांटी कलां मार्ग पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने और शव को दफनाने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को काबू कर लिया है। शुक्रवार देर रात बॉर्डर से काबू किया गया पांचवां आरोपी नाबालिग था। देर रात ही उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर बोस्टल जेल अंबाला भेज दिया गया। वहीं, रिमांड पर चल रहे चार अन्य आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो और डंडे बरामद कर लिए हैं। शनिवार को उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
ज्ञात रहे कि मूलरूप से गाजीपुर, यूपी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि वह अपने परिवार के साथ कुंडली थाना क्षेत्र में रहता है। वह अपनी 14 वर्षीय बेटी तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वीरवार को आजादपुर, दिल्ली में दशहरा देखकर लौट रहा था। कुंडली बॉर्डर से उसकी बेटी अपने चचेरे भाई के साथ साइकिल पर घर के लिए निकल ली थी। रास्ते में ऑटो सवार पांच युवकों ने उसके भतीजे पर हमला कर उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। आरोपियों में उनकी कॉलोनी का रहने वाला नितिन व एक अन्य तथा तीन उसके साथी थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामले में नितिन के साथ ही गांव नांगल कलां निवासी प्रवीण, करण और दीपक को काबू किया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह किशोरी का अपहरण कर गांव अटेरना की तरफ ले गए थे और वहां गैंगरेप के बाद उसकी चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने चार आरोपियों को शुक्रवार को काबू कर लिया था, जबकि पांचवां नाबालिग आरोपी शनिवार को पुलिस के हत्थे चढ़ा।
थाना कुंडली प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि चारों आरोपियों को रिमांड अवधि खत्म होने पर शनिवार को अदालत में पेश किया गया था। पांचवें नाबालिग आरोपी को बोस्टल जेल भेजा गया है।