सोनीपत: पाई गांव में नाली की सफाई को लेकर हुआ था झगड़ा बुजुर्ग महिला को दिया धक्का, मौत, चार नामजद
महिला के बेटे का आरोप है कि हमलावरों ने मां को धक्का देकर नाली में गिराया जिससे चोट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में खरखौदा क्षेत्र में गांव पाई में नाली की सफाई को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। जिसमें बुजुर्ग महिला को धक्का देकर गिराने के साथ ही उसके बेटे व पुत्रवधू पर लोहे के पाइप से हमला कर घायल कर दिया। धक्का देकर नाली में गिराने से लगी चोट के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शाम को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर पड़ोसी दंपती व उसके दो बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव पाई निवासी सुनील ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे उसकी पत्नी पूजा पशुबाड़े से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान पड़ोसियों ने उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जिसकी आवाज सुनकर वह और उसकी मां भतेरी भी गली में आ गए। बाहर आकर उसने देखा कि उसका पड़ोसी प्रदीप, उसका भाई राजू, उनकी मां प्रकाशी व पिता होशियारे उसकी पत्नी पूजा के साथ झगड़ा कर रहे हैं।
इसी बीच प्रदीप ने उस पर लोहे के पाइप से हमला किया और उसके भाई राजू ने उसकी पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। उसकी मां बीच-बचाव करने लगी तो होशियारे ने उसकी मां को धक्का देकर नाली में गिरा दिया, जिससे उसकी मां चोट लगने से बेहोश हो गई। वह मां को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खरखौदा लेकर पहुंचा तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुनील का कहना है कि उनका पड़ोसियों संग नाली की सफाई का लेकर झगड़ा चल रहा था। जिसमें ही उन पर हमला किया गया है। बुधवार की सुबह चारों ने फिर से हमला कर दिया। जिसमें उसकी मां की मौत हो गई और उसकी घायल पत्नी को पीजीआई, रोहतक रेफर किया गया है। शिकायत पर पुलिस ने दंपती व उसके दो बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आठ दिन पहले हुआ था झगड़ा, जिसकी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
सुनील का कहना है कि आठ दिन पहले आरोपियों ने उनके साथ नाली की सफाई को लेकर झगड़ा किया था। उस समय ग्रामीणों के बीच-बचाव कर मामले को शांत कर लिया गया था। उसके बाद भी आरोपी मामले को लेकर रंजिश बनाए हुए थे और उसी के चलते अब उन्होंने वारदात को अंजाम दिया है।
गांव पाई में झगड़े में बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। बुजुर्ग के बेटे के बयान पर चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। -इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा