फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   crime news

15 किलोमीटर तक पीछा कर पकड़े तीन हिस्ट्रीशीटर

Mon, 07 Dec 2015 12:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सोनीपत
ब्यूरो/अमर उजाला, सोनीपत Updated Mon, 07 Dec 2015 12:10 AM IST
विज्ञापन
crime news
जीटी रोड पर रविवार सुबह फिल्मी स्टाइल में गोलियां चल रही थी। बदमाश पुलिस पार्टी पर गोलियां बरसाते हुए अपनी गाड़ी भगाने लगे तो पीछे-पीछे पुलिस ने भी अपनी गाड़ी लगा दी। 15 किलोमीटर तक बदमाशों और पुलिस के बीच दौड़भाग जारी रही। आखिर में फिल्मी स्टाइल में ही बदमाशों की गाड़ी के टायर पर गोली मारी गई। तब जाकर बदमाशों की गाड़ी रुकी। बदमाश गाड़ी से उतरते ही पास बने खेतों में भाग लिए। लगभग तीन घंटों की मशक्कत के बाद ईख के खेतों से तीन बदमाशों को काबू किया जा सका, हालांकि चौथा बदमाश फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार बदमाशों में गांव सिवाह पानीपत फिलहाल गांव रोहट निवासी विकास उर्फ दूधिया, गांव बुपनिया झज्जर निवासी सुनील उर्फ लिंडी और धर्म सिंह उर्फ धर्मा शामिल हैं। तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। बदमाशों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। तीनों ही बदमाश हत्या, हत्या के प्रयास जैसे मामलों में वांछित थे। बताया जाता है कि यह बदमाश रविवार को किसी वारदात को अंजाम देने निकले थे।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार नांगल खुर्द मोड़ के पास रविवार को आईजी स्टाफ की टीम ने नाकाबंदी कर रखी थी। नाकाबंदी के दौरान गाड़ियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक लाल रंग की प्रीमियम कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार युवकों ने पुलिस टीम पर ही फायर कर दिया और गाड़ी भगाने लगे। पुलिसकर्मियों ने भी संभलने के बाद अपनी गाड़ी से बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान वीटी भी कर दी गई। बदमाशों ने नांगल मोड़ से दीपालपुर की ओर रुख करते हुए गढ़मिरकपुर रोड पर गाड़ी मोड़ ली। पुलिस टीम भी पीछे-पीछे ही थी। गढ़मिरकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई तो वहां पर नाका मजबूत कर दिया गया। इसी दौरान गांव जाजल के पास पुलिस ने बदमाशों की गाड़ी पर फायरिंग की। फायरिंग में गाड़ी के टायर पर गोली लगी और वह फट गया। टायर फटते ही बदमाशों ने गाड़ी रोक दी और उतरकर गांव जाजल में ईख के खेतों में घुस गए। वीटी के जरिए सूचना मिलने पर मौके पर थाना मुरथल, एसआईटी, सीआईए की टीम पहुंच गई थी। पुलिस टीम ने खेतों की चारों तरफ से घेराबंदी कर बदमाशों को काबू करने का प्रयास शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग भी पहुंचे। इसी दौरान पुलिस ने गांव सिवाह, पानीपत फिलहाल गांव रोहट निवासी विकास उर्फ दूधिया, गांव बुपनिया, झज्जर निवासी सुनील उर्फ लिंडी व धर्म सिंह को काबू कर लिया। बदमाशों का चौथा साथी जिसका नाम बॉक्सर बताया जा रहा है, वह भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस और तीन खोल बरामद किए।
विज्ञापन


नाका मजबूत, नहीं तो निकल जाते उत्तर प्रदेश
आरोपी कुमासपुर गांव के अंदर से दीपालपुर होते हुए गढ़मिरकपुर चौकी के पास पहुंचे तो वहां पहले से ही तैनात गढ़मिरकपुर चौकी प्रभारी सुरेंद्र टीम के साथ मुस्तैदी से आरोपियों को पकड़ने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों की उत्तर प्रदेश की तरफ जाने के मंसूबों पर पानी फेर दिया। अगर बदमाश यूपी की तरफ निकलने में कामयाब हो जाते तो उनको पकड़ना मुश्किल हो जाता।
विज्ञापन
विज्ञापन


छह राउंड फायर किए पुलिस पर
पुलिस से बचकर भाग निकलने के लिए बदमाशों ने कोई कसर नही छोड़ी। बदमाशों ने पुलिस पर करीब छह राउंड फायर किए। बदमाशों ने पुलिस पर पहले जीटी रोड और बाद में कुमासपुर और दीपालपुर के खेतों में भागते समय पुलिस पर फायर किया ताकि किसी तरह से बचकर भाग निकले। ग्रामीणों ने भी पुलिस को बदमाशों को दबोचने में काफी सहयोग दिया। पुलिस ने भी बदमाशों की गाड़ी के शीशे पर दो, गाड़ी के डिग्गी और टायर में एक-एक गोली मारी थी।
 
होमगार्ड ने पकड़ा दूधिया को
बदमाशों में शामिल विकास उर्फ दूधिया को ईख के खेतों से दो होमगार्ड कर्मी पकड़कर लाए थे। हालांकि अन्य दो बदमाशों को बाद में निकाला गया। धर्म सिंह और सुनील को पुलिसकर्मी ही निकालकर लाए थे। होमगार्ड के जवान विकास उर्फ दूधिया जैसे बाहर निकालकर लाए तो पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।

विकास ने चलाई थी गोहाना रोड पर गोलियां
बता दें कि लगभग तीन महीने पुराने गोहाना रोड पर संदीप निवासी बड़वासनी और उसके साथियों पर गोली चलाने का आरोप विकास उर्फ दूधिया पर ही है। इस मामले में कुछ आरोपी काबू किए जा चुके हैं। वहीं धर्म सिंह और सुनील पर इसी वर्ष अगस्त में झज्जर के बुपनिया गांव में जगत बुपनिया की हत्या करने का आरोप है। इस मामले में उसके साथी प्रवेश और दिनेश पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


विकास उर्फ दूधिया, सुनील और धर्मसिंह को काबू कर लिया गया है। चौथा आरोपी फरार है। तीनों पर ही हत्या, हत्या के प्रयास के मामले हैं। सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान कुछ और खुलासे हो सकते हैं।
-सतीश कुमार, डीएसपी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed