सोनीपत: दोस्तों की रंजिश में उठाए हथियार, उभरता खिलाड़ी बन गया अपराधी, हत्या व लूट के 13 मामलों में नामजद
आरोपी पर 30 हजार का इनाम था। गिरफ्तार आरोपी सुशील स्टेट लेवल का धावक रहा है। आरोपी को एसटीएफ सोनीपत की टीम ने नरेला रोड से गिरफ्तार किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में एसटीएफ सोनीपत की टीम ने चार राज्यों में लगातार वारदात करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव निजमापुर का रहने वाला सुशील उर्फ मिट्ठू है। वह हत्या और लूट के 13 मामलों में नामजद है। उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम था। आरोपी राज्य स्तर का धावक रहा है। वह कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार भी जीता चुका है।
एसटीएफ प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश देशवाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि इनामी आरोपी सुशील उर्फ मिट्ठू किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। एसटीएफ ने घेराबंदी कर नरेला रोड से उसको दबोच लिया। सुशील की दो हत्या और 11 लूट की वारदात में तलाश थी। उसने अपने गांव के परमिंदर की जून, 2021 में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी।
उसे 10 गोलियां मारी थीं। उसके बाद अक्तूबर 2021 में झज्जर के वेदप्रकाश की 12 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इन हत्याओं में उसके साथ निजामपुर गांव का कुलदीप और झज्जर के गांव जसोर खेड़ी का अबी उर्फ अभी आरोपी है। अबी को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि कुलदीप फरार है। कुलदीप पर भी 25 हजार का इनाम है।
झज्जर, सोनीपत, रोहतक, पानीपत और करनाल में कर चुका वारदात
सुशील ने अपने साथियों के साथ मिलकर अक्तूबर 2021 में झज्जर में लिफ्ट लेकर पिस्तौल के बल पर अर्टिका कार लूटी थी। उसके बाद नवंबर 2021 में रोहतक में पिस्तौल दिखाकर बलेनो कार लूटी थी। वह झज्जर, सोनीपत, रोहतक, पानीपत और करनाल में कार और बाइक लूट की 11 वारदात को अंजाम दे चुका है।
उभरता खिलाड़ी बन गया था अपराधी
23 साल का सुशील उभरता खिलाड़ी था। उसने राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं। सुशील ने बताया कि वह कुलदीप की दुकान से प्रोटीन व सप्लीमेंट लेकर प्रयोग करता था। ऐसे में उसकी दोस्ती कुलदीप से हो गई। वहीं अबी उसके साथ दौड़ का अभ्यास करता था। निजामपुर गांव के परमिंदर ने कुलदीप के भाई जयदेव की पिटाई कर दी थी। इसको कुलदीप ने अपमान माना और सुशील का सहयोग मांगा था। सुशील ने गोलियों से भूनकर परमिंदर की हत्या कर दी थी। इसी तरह उसने बताया है कि झज्जर शहर में अबी के पड़ोसी वेदप्रकाश ने उसकी मां से बदसलूकी कर दी थी। इस पर सुशील ने उसकी भी 12 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
सुशील ने दो हत्याओं समेत 13 मामलों में संलिप्तता स्वीकार की है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उससे वारदात में प्रयुक्त हथियार और लूटे गए वाहन बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। - इंस्पेक्टर सतीश देशवाल, प्रभारी एसटीएफ सोनीपत