सोनीपत। जनवादी महिला समिति की सोनीपत जिला कमेटी व ट्रेड यूनियन और किसान संगठन के सदस्यों ने बुधवार को यौन हिंसा के आरोपी राज्य मंत्री संदीप सिंह को मंत्रिमंडल व हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग को लेकर सामूहिक उपवास किया। इस दौरान सदस्यों ने नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग की।
उपवास स्थल पर जनवादी महिला समिति जिला अध्यक्ष शीला बुटाना व सचिव सरजावती ने कहा कि 29 दिसंबर 2022 को जब से यह मामला मीडिया के माध्यम से प्रकाश में आया था। उसके बाद से न्याय संघर्ष समिति के बैनर तले हरियाणा भर में यौन हिंसा के आरोपी मंत्री संदीप सिंह की बर्खास्तगी एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है। मंत्री के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज हुए 104 दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। भाजपा सरकार ने आरोपी मंत्री संदीप सिंह को मंत्रिमंडल से भी नहीं हटाया है। चंडीगढ़ पुलिस ने मंत्री संदीप सिंह की ब्रेन मैपिंग के लिए चंडीगढ़ कोर्ट में याचिका दाखिल की है। जिसकी 13 अप्रैल को कोर्ट में सुनवाई है। इस पूरे मामले में भाजपा सरकार मंत्री संदीप सिंह को बचाने के लिए प्रयास करती दिख रही है। दूसरी तरफ पीड़िता व उसके परिवार को परेशान किया जा रहा है। मामले में गंभीर आरोप के बावजूद धाराएं नहीं जोड़ी गई। उन्होंने मामले में न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों को सरजावती, सोना देवी, छवि, सरोज, आशा, किसान नेता श्रद्धानंद सोलंकी, कर्मचारी नेता शीलक राम मलिक, सीटू नेता राजेश रसोई, राजेश पाबसरा, रामकवार मलिक, नफीस अली, मास्टर जोगिंद्र, संजय आदि मौजूद रहे। बाद में सदस्यों ने ही जूस पिलाकर उपवास खुलवाया।