सोनीपत। जिस तरह से सर्दी बढ़ रही है, उस तरह चोरी की घटनाएं भी बढ़ती जा रही हैं और इन चोरियों को रोकने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। शहर में ओल्ड रोहतक रोड पर मंडी गेट के सामने चोरों ने एक ही रात में चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी कर ली और चोर वहां से प्याज तक चोरी कर ले गए। दुकानों पर पहुंचे व्यापारियों ने जब ताले टूटे देखे तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंडी गेट के पास रविवार की रात चोरों ने नरसी पंडित की बैग की दुकान के ताले तोड़कर आठ हजार रुपये की नगदी चोरी की है। उसके पास ही बब्लू गर्ग की सब्जी की दुकान है, जिसका ताला तोड़कर 1100 रुपये चोरी किए गए। वहां राजेश की दूसरी सब्जी की दुकान है, जिसमें से 4 हजार रुपये के अलावा चोर लगभग पांच किलो प्याज चोरी करके ले गए। वहां पांच किलो प्याज पॉलीथिन में बांधकर रखी थी, जिनको चोर छोड़ गए। इसके अलावा डा. नरेंद्र सिंह का राजेंद्र दांतो का अस्पताल के नाम से क्लीनिक है, जिसका ताला तोड़कर एक हजार रुपये चोरी किए गए है। एक साथ चार दुकानों में हुई चोरी की जानकारी मिलने के बाद वहां आसपास के व्यापारियों का जमावड़ा लग गया और थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। व्यापारी नेता अनिल गुप्ता सीटू ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग रखी है, जिससे वहां लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके।