बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का कांग्रेस पर हमला: कहा- विपक्ष को राम नाम से दिक्कत, मनरेगा योजना नहीं हुई बंद
बीजेपी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पूरे देश में वीबी-जीरामजी स्कीम के तहत सबसे ज्यादा भुगतान हरियाणा में मजदूरों को किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मनरेगा को बंद नहीं किया गया है। मजदूरों के हित में इसमें जरूरी संशोधन किए गए हैं। यह बात हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने मंगलवार को एक प्रेसवार्ता में कही। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मीडिया से मुखातिब बड़ौली ने योजना के नाम में बदलाव को लेकर कांग्रेस पर आम जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पहले असल मजदूरों को उनका हक नहीं मिल पाता था। फर्जी मजदूरों के नाम पर भुगतान कर दिया जाता था। विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के तहत अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। मजदूरों को 15 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
राम नाम से कांग्रेस को परेशानी : बड़ौली
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पूरे देश में वीबी-जीरामजी स्कीम के तहत सबसे ज्यादा भुगतान हरियाणा में मजदूरों को किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पहले 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, जिसे बढ़ाकर अब 125 दिन कर दिया गया है। हरियाणा में 52 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति एवं 65 प्रतिशत से अधिक महिला श्रमिकों को रोजगार मिला है। मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस को योजना के नाम में ‘राम’ शब्द से ही परेशानी है, जबकि इससे पहले भी योजनाओं में संशोधन होते रहे हैं।
1500 करोड़ के श्रम घोटाले पर सख्त रुख
1500 करोड़ रुपये के श्रम घोटाले पर बड़ौली ने कहा कि इसे भाजपा सरकार के मंत्री ने ही उजागर किया है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। गुरमीत राम रहीम को पैरोल मिलने पर उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक नहीं, न्यायालय का विषय है। भाजपा कोर्ट के फैसलों पर राजनीति नहीं करती। अजय चौटाला के बयान पर पलटवार कर बड़ौली ने कहा कि जनता उन्हें पहले ही नकार चुकी है। यह हताशा में दिया गया बयान है।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेताओं का बचाव नहीं करती। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं होता तो ऐसे मामलों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करता है। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर कहा कि अधिकतर मामले घरेलू विवादों के हैं। रंगदारी जैसी घटनाओं पर कानून सख्ती से काम कर रहा है।
स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर दावा
स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह तैयार है। जनता के समर्थन से एक बार फिर जीत हासिल करेगी। मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र नेहरा, जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, मेयर राजीव जैन, वरिष्ठ नेता देवेंद्र कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री के अलावा अन्य नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।