फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   भ्रष्टाचार पर भड़के मंत्री, पूर्व सरपंच व बिल्डर पर एफआईआर तो ग्राम सचिव को सस्पेंड के आदेश

भ्रष्टाचार पर भड़के मंत्री, पूर्व सरपंच व बिल्डर पर एफआईआर तो ग्राम सचिव को सस्पेंड के आदेश

Fri, 23 Feb 2018 02:08 AM IST
Updated Fri, 23 Feb 2018 02:08 AM IST
विज्ञापन
भ्रष्टाचार पर भड़के मंत्री, पूर्व सरपंच व बिल्डर पर एफआईआर तो ग्राम सचिव को सस्पेंड के आदेश
भ्रष्टाचार पर भड़के मंत्री, पूर्व सरपंच व बिल्डर पर एफआईआर तो ग्राम सचिव को सस्पेंड के आदेश
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मीटिंग में मंत्री कृष्णलाल पंवार के सामने जब भ्रष्टाचार व जमीनों पर अवैध कब्जे के मामले सामने आए तो मंत्री का गुस्सा भड़क गया। मंत्री ने डीसी को भ्रष्टाचार के मामले में खांडा गांव की पूर्व सरपंच पर एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही उस समय तैनात ग्राम सचिव को सस्पेंड करने के आदेश दिए। वहीं मंत्री के सामने पंचायत की जमीन पर बिल्डर के कब्जा करके कालोनी में शामिल करने का मामला आया तो अधिकारियों ने खुद भी माना कि लोगों ने जमीन पर कब्जा करके गलत तरीके से कागजों में चढ़वाया गया है। यह सुनकर मंत्री ने बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश हिदए। इसके अलावा मीटिंग में शिकायत कर्ताओं ने अधिकारियों की पोल भी मंत्री के सामने खोली और जांच के नाम पर लीपापोती करने के आरोप लगाए।
जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में हुई। जहां परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार के अलावा डीसी केएम पांडुरंग, एसपी सतेंद्र गुप्ता ने पहुंचकर बैठक शुरू कराई। इस बैठक में 16 शिकायतों को रखा गया, जिनमें 4 शिकायतें पुरानी रखी गई थी और वह काफी समय से लटकी हुई है। वहां मंत्री ने समस्याओं को सुनना शुरू किया और उसके बाद भी 11 शिकायत फिर से पेंडिंग में रख दी गई। जबकि 2 शिकायतों का निस्तारण हो गया और वहां 3 शिकायतकर्ता नहीं पहुंच सके। लेकिन जिस तरह से शिकायत कई माह से लंबित चल रही है, उसको देखते हुए यह जरूर है कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी रुचि नहीं दिखा रहे है। इसपर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में आने वाली शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लेकर निस्तारण करें। जिन शिकायतों को मीटिंग में रखा गया था, उनको सुनने के बाद अन्य लगभग 50 लोगों की शिकायत ली गई और उनको निस्तारण के लिए विभागों में भेज दिया गया। इस दौरान मीटिंग में सभी अधिकारी व निगरानी समिति के सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

--
मीटिंग में नहीं पहुंचे अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मीटिंग में नहीं पहुंचने वाले अधिकारियों के लिए परेशानी खड़ी होने वाली है। क्योंकि मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि यह इस वर्ष की पहली मीटिंग है और इस मीटिंग में सभी अधिकारी मौजूद रहने चाहिए थे। जबकि डीसी को बिना सूचना दिए कई अधिकारी गायब बताए जा रहे हैं। ऐसे अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसी से कहा गया कि मीटिंग से गायब रहने वाले अधिकारियों की जांच कराई जाए कि वह किस कारण से गायब रहे। उसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

--
पूर्व सरपंच पर एफआईआर व ग्राम सचिव को सस्पेंड करने के आदेश
खांडा गांव के मेहर सिंह ने शिकायत की हुई थी कि उनके गांव में पूर्व सरपंच बबली ने विकास कार्यों में करोड़ों रुपये का घपला किया हुआ है और उसमें उस समय तैनात ग्राम सचिव जगबीर भी शामिल रहा। यह ग्राम सचिव इस समय करनाल के असंध ब्लॉक में तैनात है। यह शिकायत पिछली मीटिंग में रखी गई थी, जिसमें एडीसी आमना तस्नीम को जांच सौंपी गई थी। इस मामले में एडीसी कार्यालय की ओर से रिपोर्ट पेश की गई कि पूर्व सरपंच व ग्राम सचिव को जांच में शामिल होने के साथ ही संबंधित कागजात लेकर आने के लिए पांच बार नोटिस भेजा जा चुका है। उसके बाद भी वह शामिल नहीं हो रहे हैं, जिसपर मंत्री ने पूर्व सरपंच पर एफआईआर व ग्राम सचिव को सस्पेंड करने के आदेश दिए।
--
बिल्डर पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश
नांगल कलां के विनोद तुषीर ने शिकायत करते हुए कहा कि गांव की पंचायती जमीन पर एवरेस्ट बिल्डटेक की ओर से कब्जा करके सरकारी कर्मियों से मिलीभगत कर कागजों में नाम बदलवा लिया गया है। जिसपर वहां ग्रैंड स्कवायर नाम से कालोनी काट दी गई है और उस कालोनी का एक रास्ता कब्जे वाली जमीन पर बना है। इस मामले में राई के नायब तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शिकायत को सही बताया और इसमें कार्रवाई की संस्तुति की गई है। जिसपर मंत्री ने बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए तो यह खेल करने वाले कर्मियों का पता करके उनपर भी कार्रवाई के लिए कहा गया।
--
यह प्रमुख शिकायत भी रखी गई
-जीवन नगर के सतनारायण ने कामी रोड पुरानी सब्जी मंडी के सामने सड़क पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जिसमें कोई कार्रवाई कई बार शिकायत देने के बाद भी नहीं होने की बात कही गई। अधिकारियों ने कोर्ट में मामला होने के कारण समस्या का निस्तारण नहीं होने की बात कही।
-जटौला गांव के सुरेंद्र ने राशन कार्ड में नाम नहीं जुड़ने की शिकायत रखी। उसने कहा कि वह दो साल से राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए चक्कर काट रहा है, लेकिन समस्या दूर नहीं हो रही। मंत्री ने डीएफएससी को समस्या के समाधान के आदेश दिए।
-चिटाना गांव के नीरज ने जोहड़ी पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए वह नहीं हटाए जाने की शिकायत रखी। बीडीपीओ सोनीपत ने कब्जे की बात स्वीकार करते हुए उनको जल्द हटवाने के लिए कहा।
-दीपालपुर की कविता ने शिकायत करते हुए कहा कि 2016 में गांव में झगड़ा हो गया था। जिसमें उसे घायल होने पर खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज में लापरवाही बरती गई। इसमें एसपी व सीएमओ को जांच के आदेश दिए गए।
-कोट मोहल्ले के राजू ने शिकायत करते हुए कहा कि उनके यहां डेढ़ साल से गली टूटी हुई, जिसे नहीं बनवाया जा रहा। एसई ने कहा कि टेंडर लगाया जा चुका है और गली जल्द बनवा दी जाएगी।
-बैंयापुर के रामकुमार नेे शिकायत करते हुए कहा कि उनके यहां की गली का 49.55 लाख का टेंडर लगाया गया था, लेकिन उसपर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका। जिसपर निगम अधिकारियों ने कहा कि सीवर व पेयजल लाइन बिछाई जानी है, उसके बाद गली निर्माण करा दिया जाएगा।
-गढ़ी सिसाना के सरपंच ने पेयजल की समस्या रखी। जिसपर पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन ने कहा कि 80 लाख का बजट पास हुआ है और यह बजट मिलने पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
-बिंधरौली के अनिल कुमार की ओर से शिकायत की गई थी 2013 में खेत में ट्यूबवेल का बिजली कनेक्शन लेने को सिक्योरिटी जमा कराई थी, लेकिन वह नहीं लगा। अनिल मीटिंग में नहीं पहुंचा, जिसपर बिजली निगम के एक्सईएन ने बताया कि कनेक्शन लगवा दिया गया है।
-चिटाना गांव के हरेंद्र ने कहा कि गांव में बरसाती नाला बंद पड़ा है और नाले की जमीन को खेतों की जमीन में मिलाकर अवैध कब्जा किया हुआ है। मंत्री ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन को नाले से कब्जा हटाने व निर्माण करने के आदेश दिए।

-लाठ गांव के सुरेश ने कहा कि गांव में तीन जगह गोचराण के लिए भूमि छोड़ी गई है, जिसपर लेागों ने अवैध कब्जा किया हुआ है। नायब तहसीलदार को जमीन से कब्जा हटाने के आदेश दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed