{"_id":"5a19d0794f1c1bc9678be059","slug":"191511641209-sonipat-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सांसद सैनी व यशपाल मलिक की रैली को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1700 जवान तैनात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सांसद सैनी व यशपाल मलिक की रैली को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1700 जवान तैनात
Updated Sun, 26 Nov 2017 01:50 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत/गोहाना। रोहतक के जसिया में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति व जींद में लोकतंत्र सुरक्षा मंच के अध्यक्ष व कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी की रैली को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। गोहाना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने क्षेत्र के पंच-सरपंचों की बैठक लेकर शांति बनाए रखने की अपील की है। इसके लिए 1700 पुलिस कर्मियों के साथ ही आरएएफ की एक टुकड़ी को तैनात किया गया है। इनमें सोनीपत पुलिस के 1500 व सुनारिया से आए 202 पुलिस कर्मी शामिल हैं। जबकि गोहाना में आठ मुख्य स्थानों पर नाकेबंदी की गई है। जींद जाने वाले वाहनों को शहर के बीच से तो रोहतक रैली में जाने वाले वाहनों को जींद रोड से महम रोड पर निकाला जाएगा। पुलिस जींद व जसिया जाने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए है। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत किए गए हैं। वहीं गोहाना में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। आईजी नवदीप सिंह विर्क ने भी गोहाना में पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। रविवार को भी सोनीपत में इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी के आदेश जारी रहेंगे।
रोहतक व जींद की रैलियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सजग है। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसे लेकर एसडीएम सुभीता ढाका व डीएसपी राजीव देशवाल ने पहले पुलिस व बाद में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध लोगों की बैठक ली। जिसमें लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन ने इसके लिए सहयोग भी मांगा है। पुलिस ने जनप्रतिनिधियों को कहा कि वह किसी के बहकावे न आए तथा युवाओं को कोई भी गलत कार्य करने से रोकें। कहीं भी टकराव की स्थिति पैदा न होने दें तथा ऐसे हालत में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
विज्ञापन
वाहनों के आवागमन को तय किया अलग रूट
रैलियों में जाने वाले वाहनों को प्रशासन द्वारा अलग-अलग दिशा में डायवर्ट किया गया है। जसिया रैली में जींद रोड की तरफ से जाने वाले वाहनों को महम रोड से निकाला जाएगा। जबकि पानीपत रोड की तरफ से जींद रैली में जाने वाले वाहनों को शहर के बीच से निकाला जाएगा। ताकि दोनों रैलियों में जाने वाले वाहनों का आपस में कहीं टकराव न हो। इसके लिए पुलिस द्वारा जींद रोड पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
विज्ञापन
शहर में आठ स्थानों पर बनाए पुलिस नाके
रैलियों में जाने वाली भीड़ के कारण जाम न लगे इसे लेकर पुलिस ने शहर के सभी मुख्य चौराहों के अलावा मुख्य प्वाइंट पर नाकेबंदी की है। पुलिस ने जींद रोड पर राम शरण आश्रम के सामने नाका बनाया है। जिससे जींद रोड से आने वाले वाहनों को महम रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा बरोदा रोड पर मोर चौक, महम रोड टी प्वाइंट, बस अड्डा, अंबेडकर चौक, पानीपत चुंगी, सोनीपत रोड टी प्वाइंट व खरखौदा रोड बाइपास के पास पुलिस नाका बनाया गया है।
आईजी ने लिया सुरक्षा का जायजा
रैलियों के दौरान गोहाना में इंतजामों का जायजा लेने के लिए रोहतक रेंज के आईजी नवदीप सिंह विर्क ने पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा प्रबंध का जायजा लिया। साथ ही पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैली में जाने की किसी पर रोक नहीं लगाई गई है। लेकिन किसी को भी हुड़दंग करने की छूट नहीं दी जाएगी। सोनीपत जिला में शांति बनाए रखने के लिए 1700 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए है। सिंचाई विश्राम गृह पर पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों की बैठक लेते हुए विर्क ने कहा कि किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। कोताही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत न दी जाए। शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए।
गोहाना व खरखौदा हाइवे पर सर्तकता बढ़ाई
जिला प्रशासन ने क्षेत्र में अलर्ट पर रहने और शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एक दिन पहले ही तैनात कर दिए गए थे। सोनीपत, गोहाना, गन्नौर, खरखौदा व एनएच वन पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि जगह-जगह पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई है। पुलिस ने आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। किसी को भी कानून तोड़ने का अधिकार नहीं है।
सोशल मीडिया पर भी नजर
सुरक्षा को देखते हुए सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। फेसबुक व व्हाट्सअप पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। इसके अलावा इंटरनेट सेवाओं पर आज भी पाबंदी जारी रहेगी। जींद व जसिया की रैलियों के बाद ही इंटरनेट सेवाएं बहाल करने पर विचार किया जाएगा।