सिरसा। सेना भर्ती में अग्निपथ योजना के विरोध में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव वेदप्रकाश भाट ने किया।
वेद भाट ने कहा कि यह योजना देश के युवाओं के साथ खिलवाड़ है और देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिना किसी विचार-विमर्श के पहले नोटबंदी की, जिससे आम वर्ग दो वक्त की रोटी का मोहताज हो गया। इसके बाद युवाओं के लिए अग्निपथ जैसी योजना लाकर केंद्र सरकार ने युवाओं के तन से कपड़े उतारने की योजना बना डाली है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात करने वाले प्रधानमंत्री स्थायी रोजगार देने के बजाय सरकारी विभागों को ही बेचने पर आमादा है। कुछ विभागों का तो निजीकरण हो चुका है और कुछ का होने की कगार पर है। उन्होंने बताया कि यह योजना देश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी झूठी वाहवाही करवाने के बजाय देश व जनता के हित को देखते हुए नीतियां व कानून बनाए। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना को तुरंत वापस लेकर पुरानी नीति के अनुसार सेना भर्ती करने की मांग की है। इस मौके पर कमल कांटीवाल, कालांवाली प्रधान विक्की प्रधान, अजय गर्ग, कृष्ण, राजू भाट, प्रदीप भाट, अजीत भाट, अर्जुन सैनी, महावीर भाट, धीरू रोहिल्ला, प्रवीन खटक, अंकित, आरिश व वीशू उपस्थित थे।