सिरसा। शहर के वार्ड 26 के लोगों ने पुरानी मोटर व नकली केबल लगाने मामले में बुधवार को धरना प्रदर्शन किया। वार्ड के लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर मोटर बदली नहीं जाती है तो लघु सचिवालय में प्रदर्शन कर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। धरना प्रदर्शन कर रहे वार्डवासी जसबीर सिंह, रफी मोहम्मद, मनप्रीत सिंह, कुलविंद्र सिंह, बक्शीश सिंह, कुलविंद्र कौर, सुरेंद्र कौर, संदीप कौर, बिमला आदि ने बताया कि करीब दो माह पहले वार्ड में वार्डवासियों की पेयजल समस्या के चलते बोरवेल लगाया गया था।
टेंडर में टयूबवेल की नई मोटर का प्रावधान रखा गया था, लेकिन ठेकेदार ने पुरानी मोटर को ही पेंट कर रख दिया और पुरानी केबल से जोड़ दिया। इस मामले में एसडीओ ने वार्डवासियों के बीच आकर बातचीत की थी। पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने को कहा था। कमेटी गठित कर जब लोग उनसे मिलने के लिए गए तो एसडीओ ने आश्वासन दिया कि आपकी मोटर व केबल बदल दी जाएगी, लेकिन अधिकारियों की कार्रवाई पर उन्होंने कुछ नहीं कहा। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिख चुके हैं। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है।