{"_id":"750fbd3b505031dff5d84d82ebda704b","slug":"highway-blocked-in-protest-over-electricity-bills","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिजली के ज्यादा बिलों के विरोध में हाईवे जाम ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिजली के ज्यादा बिलों के विरोध में हाईवे जाम
sirsa
Updated Wed, 11 Jun 2014 11:29 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिजली के ज्यादा बिलों को देखकर पन्नीवाला मोटा ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी दो घंटे तक दिल्ली-फाजिल्का हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों और वाहनों की कतारें लग गई और राहगीरों का गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी पेयजल संकट को लेकर गांव पन्नीवाला मोटा के नाथ समुदाय के लोगों ने नेशनल हाईवे पर आधा घंटा जाम लगाया था।
विज्ञापन
उसी तर्ज पर बुधवार को पन्नीवाला मोटा के ही ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था व बिजली बिलों के विरोध में नेशनल हाईवे पर ठीक उसी स्थान पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों के समक्ष पुलिस भी असहाय नजर आई। करीब 2 घंटे तक हाईवे जाम करने के बाद विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आश्वासन दिया तब जाकर रोषित ग्रामीण शांत हुए।
विज्ञापन
ये है मामला
बुधवार को गांव पन्नीवाला मोटा में विद्युत विभाग के कर्मचारी बाबा रामदेव मंदिर में बिल भरवाने के लिए पहुंचे तो सूचना पाकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर आ गए। लोगों ने यह कहते हुए बिल भरने से इंकार कर दिया कि बिजली तो आती नहीं लेकिन भारी भरकम बिल अवश्य आ जाते हैं। इस बात पर बिल भरवाने आए कर्मचारी ने ग्रामीणों का चढ़ा पारा देखकर चुपचाप बैठने में ही भलाई समझी।
विज्ञापन
जिसके बाद ग्रामीणों ने बीते दिन नाथ समुदाय के लोगों द्वारा हाईवे जाम करने का अनुसरण करते हुए नेशनल हाईवे का रुख कर लिया और पुलिस नाके पर पहुंचकर हाईवे पर लगे पुलिस बैरिकेड्स, सूखे वृक्ष और बड़े बैंच लगाकर राजमार्ग सहित रघुआना मार्ग और संगरिया मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। जाम की सूचना पाकर बड़ागुढ़ा व ओढां पुलिस के पसीने छूट गए क्योंकि बीते दिन भी यहीं पर पेयजल संकट को लेकर जाम लगा था और आज फिर जाम लग गया। इन दो दिनों में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक भी वाहन को नहीं निकलने दिया। दोनों थानों की पुलिस ने उन्हें समझाने में काफी पसीना बहाया परंतु नाकाम सिद्ध हुई। इस दौरान संगरिया की तरफ से एक नीली बत्ती लगी गाड़ी आई, जिसमें एक नेता सवार थे, साथ गनमैन भी मौजूद था। जब चालक ने मौका पाकर गाड़ी निकालनी चाही तो भीड़ का हुजूम गाड़ी ओर दौड़ पड़ा, जिसके चलते चालक ने गाड़ी को वापस मोड़ने में ही भलाई समझी।
पुलिस की एक नहीं चली
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हाईवे पर करीब दो घंटे तक जमकर बवाल काटा, जिसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली बिल का रोष इस कदर था कि उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कई लोग हाईवे पर लेट गए, जिस पर स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद एसडीओ धीरज कुमार मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनते हुए शोरगुल व बवाल जारी रखा। करीब डेढ़ घंटे उपरांत विद्युत विभाग के एक्सईएन एसएल सुखीजा व पुष्पेंद्र कौशल सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फिर जाकर कहीं बातचीत का दौर चलाया गया।
ये कहा लोगों ने
राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर रहे योगेश कुमार, प्रमोद कुमार, राजपाल, राम सिंह, मंगतूराम, पाला कौर, सुखपाल, पूसी देवी, नजीरा बाई, जगदीश कुमार, हरलाल और गुलजारी लाल सहित अन्य ने बताया कि कहना था कि विद्युत विभाग ने इस बार जेब फाड़ बिल भेजे हैं। जो लोग मामूली दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, उनका बिल हजारों में है।
गांव में उन्हें पूरे दिन में मुश्किल से दो घंटे बिजली मिलती हैं, जबकि बिल 24 घंटे बिजली सप्लाई की तर्ज पर भेजे गए हैं। ग्रामीण हरपाल सिंह को बिल 17269 रुपये, पाला राम को 14296, रामकला को 11452, भोमा राम को 9682, जंगीरा राम को 9353, जगदीश को 9118, मनफूल को 5159, पूसी देवी को 5033, चंद्रावती को 5000, मंगतू राम को 4638, विधवा नजीरा बाई को 2416 रुपये के बिल भेजे गए हैं। इसी प्रकार ऐसे अनेक उपभोक्ता थे जिनके बिल भी हजारों से ऊपर थे।
लोगों की समस्या का करेंगे समाधान
लोगों की समस्या सुनने पहुंचे एक्सईएन एमएल सुखीजा ने ग्रामीणों की पूरी समस्या जानते हुए कहा कि जिन लोगों के बिल भारी भरकम आए हैं तथा मीटरों में कोई दिक्कत है तो इसके लिए वे कल ही 2 एसडीओ व अन्य कर्मचारियों को पन्नीवाला गांव में भेज देंगे।
रही बात मीटर में शिकायत की तो उन्हें चेक करके बदलवा दिया जाएगा। इसके लिए वे 40 नए मीटर भिजवा देंगे। उन्होंने लोगों की 24 घंटे बिजली की मांग पर कहा कि वो उनके बस में नहीं है। इसके लिए आप सोमवार को एससी से मिलें तब तक उन्हें दोपहर 12 से 4 बजे तक सप्लाई दे दी जाएगी।