जमीन का निरीक्षण, नक्शा बनने और बजट आने के बाद भी बूस्टर नहीं बन रहा है। इसकी वजह से लोगों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जल्द से जल्द बूस्टर बनवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। यह मांग मंगलवार को नौनंद गांव से आए ग्रामीणों ने उपायुक्त को मांगपत्र सौंपते हुए की।
उन्होेंने बताया कि सांपला के गांव नौनंद में काफी समय से पानी की समस्या बनी हुई है। ग्राम सभा में पान्ना जातान, वाल्मीकि बस्ती और पिछड़ा वर्ग कॉलोनी की पेयजल समस्या का निदान करने के लिए बूस्टर बनाने का फैसला लिया गया था। जिसके तहत गांव पंचायत की दो कनाल कुछ मरले जमीन जनस्वास्थ्य विभाग को नि:शुल्क दी गई। बूस्टर बनाने के लिए जमीन का निरीक्षण हुआ। नक्शा स्वीकृत हुआ और बजट भी मिल गया। मगर 25 फरवरी से अभी तक बूस्टर बनाने का काम शुरू नहीं हुआ है। लोगों ने मांग करते हुए कहा कि बूस्टर जल्द बनवाया जाए, ताकि गांव की पेयजल समस्या का निदान हो सके। उपायुक्त ने लोगों को जल्द से जल्द समस्या का निदान कराने का भरोसा दिया।