आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद व हरियाणा सह प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने 8 दिवसीय हरियाणा की किसान मजदूर खेत बचाओ यात्रा का रविवार को शुभारंभ किया। जाट शिक्षा संस्थान परिसर में चौधरी छोटूराम के स्मारक व भगत सिंह की मूर्ति पर फूलमाला चढ़ाकर इस यात्रा की शुरुआत की गई।
सांसद ने कहा कि आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान मजदूर खेत बचाओ यात्रा निकाल रही है। इस आठ दिवसीय यात्रा का रविवार को पहला दिन रहा। इसमें भारी संख्या में लोग शामिल रहे। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानून हिंदुस्तान के किसानों की आजादी छीनने वाले हैं। ये कानून सरकार अपने पूंजीपति दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए लाई है। इससे किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार सभी प्रभावित होंगे। पहले दिन यह यात्रा रोहतक से महम, कलानौर, भिवानी, बवानी खेड़ा, तोशाम के शिवानी रोड से होकर लोहारू से चरखी दादरी पहुंची। इस मौके पर दिल्ली कैंट के विधायक वीरेंद्र कादियान, प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा लवली, सांसद प्रतिनिधि शिखा गर्ग, पार्टी के जोन अध्यक्ष बीके कौशिक, अश्वनी देशवाल, छोटू राम विचार मंच के सलाहकार उदयवीर सिंह पूनिया, किसान चैंबर आफ कामर्स के वीरेंद्र किरोड़ी, जसवीर, प्रदीप चहल, सुरेंद्र मलिक, अशोक सिवाच व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।