रोहतक पीजीआई में पकड़ा गया फर्जी डॉक्टर, रात में दीवार फांद थाने से हो गया फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीजीआईएमएस में शुक्रवार को मरीजों के काम कराने के बहाने रुपये ऐंठने के आरोप में फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया। संस्थान के डीएमएस एवं नोडल अधिकारी लिटिगेशन डॉ. संदीप ने चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय से आरोपी युवक को पकड़कर पीजीआई थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
डीएमएस की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज कर लिया। उसके बाद पुलिस सुरक्षा की पोल तब खुल गई जब देर शाम आरोपी थाने से फरार हो गया। पुलिस देर रात तक उसे तलाशती रही, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। इस बारे में थाना प्रभारी ने कुछ भी कहने से साफ इनकार किया है।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी मेजर नीरज शर्मा ने पुलिस को बताया कि पकड़ा गया युवक पवन एक सप्ताह पहले ही नजरों में आ गया था। आरोपी अप्रैन पहन कर गले में स्टेथोस्कोप डाल कर चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय व आसपास घूमता मिला है। पूछने पर उसने स्वयं को डॉक्टर बताया। वह अपना पहचान पत्र नहीं दिखा पाया।
डीएमएस डॉ. संदीप ने बताया कि उन्हें भी मौखिक शिकायत मिली थी कि संस्थान में कुछ असामाजिक तत्व अपने आपको बतौर डॉक्टर बताकर मरीजों व स्टाफ को मूर्ख बनाकर रुपये ऐंठते हैं। इसी क्रम में जब मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने पकडे़ गए व्यक्ति की जानकारी दी तो वह मौके पर आए और पुलिस को इसकी सूचना दी। पकडे़ गए व्यक्ति ने तरह-तरह के बहाने बनाए। डीएमएस ने मुख्य सुरक्षा अधिकारी को कहा कि वह संस्थान में आने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर उसका पहचान पत्र जांचें।
डीएमएस ने दी पुलिस में लिखित शिकायत
डीएमएस डॉ. संदीप की ओर से पीजीआईएमएस थाना को दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, 15 नवंबर को दिन में 11 बजे एक व्यक्ति को अप्रैन और स्टैथो के साथ पकड़ा है। युवक ने अपना नाम पवन निवासी भिवानी लाजपत नगर बताया है। पवन ने बातचीत में स्वयं की गलती मानी है और बताया कि वह निशुल्क एंबुलेंस सर्विस देेकर असहाय मरीजों की मदद करता है, लेकिन उसने अप्रैन पहनने और स्टैथो साथ रखने का मकसद नहीं बताया।
लघु शंका के बहाने थाने से भागा आरोपी
पीजीआईएमएस थाने के नए भवन की ऊंची दीवारों को फर्जी डॉक्टर पलभर में लांघ गया। लघु शंका के बहाने शौचालय के रास्ते थाने से बाहर निकल गया। पुलिस को जब उसके फरार होने का पता लगा तो कंट्रोल रूप से वीटी कराई गई। इसके बाद पुलिस देर रात तक उसे तलाशने में जुटी रही।
पहले भी फर्जी आईपीएस, डीएमएस व डॉक्टर आ चुके हैं सामने
संस्थान में फर्जी डॉक्टर मिलने का कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी फर्जी आईपीएस अधिकारी बन कर आना और स्टाफ को धमकाना, फर्जी डीएमएस बन कर आना और राउंड लेना, फर्जी डॉक्टर बन कर आपरेशन थियेटर तक आना-जाना स्टाफ को धमकाने जैसे मामले सामने आ चुके हैं। डीएमएस डॉ. संदीप की ओर से इन सभी पर कानूनी कार्रवाई की गई और सभी पर मामले विचाराधीन है।
डॉ. संदीप ने बताया कि संस्थान में रोजाना दस हजार से अधिक जनता का आवागमन होता है। इसके अलावा चार से पांच हजार डॉक्टर व अन्य स्टाफ हैं, ऐसे में कुछ लोग अपने गलत मंसूबों को अंजाम देते हैं। संस्थान में अवैध रूप से लाखों का इम्प्लांट भी जब्त किया जा चुका है और यह केस हाईकोर्ट में विचाराधीन है। सूत्रों की मानें तो सरकारी कैंपस में दिनभर निजी लैब, निजी अस्पतालों के दलाल घूमते रहते हैं, जो मरीजों को ठगने की फिराक में रहते हैं।
संस्थान के मुख्य सुरक्षा अधिकारी व डीएमएस ने संदिग्ध युवक को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि वह फर्जी डॉक्टर बन कर आया था। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। ऐसी समस्या भविष्य में न आए, इसलिए सभी विभागाध्यक्षों व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया जाएगा कि वह बगैर पहचान पत्र के संस्थान में न आएं। सभी को पहचान पत्र जारी किया जा चुका है। सुरक्षा गार्डों द्वारा पहचान पत्र मांगे जाने पर उसे दिखाया जाना चाहिए, ताकि ऐसे फर्जीवाड़ा करने वालों पर नकेल कसी जा सके। - डॉ. रोहतास कंवर यादव, निदेशक, पीजीआईएमएस