रोहतक: मंगलामुखी की हत्या करने से मना करने पर बरसाई गोलियां, बेटा बचा, पिता गंभीर
खेड़ी महम के गोहाना रोड स्थित एक घर पर अंधाधुंध फायरिंग हुई घायल का आरोप है कि उसके बेटे की मौसी का लड़का रोहतक के मंगलामुखी की हत्या करवाना चाहता है, मना करने पर हमला करवाया। महम थाने में नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक में खेड़ी महम गांव में रविवार को दिनदहाड़े दो गाड़ियों में सवार होकर आए युवकों ने एक परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घर पर मौजूद बेटा बलराम बाल-बाल बच गया, लेकिन 60 वर्षीय पिता शमशेर सिंह गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई में दाखिल करवाया गया है।
आरोप है कि बलराम की मौसी का बेटा गोहाना निवासी कप्तान उर्फ स्वीटी उसके हाथों एक मंगलामुखी की हत्या करवाना चाहता था। मना करने पर रंजिश रखते हुए उसने हमला करवाया है। महम थाना पुलिस ने कप्तान उर्फ स्वीटी सहित नौ के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मोखरा हाल में खेड़ी महम निवासी शमशेर सिंह ने दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा बलराम शादीशुदा है और उसके साथ खेड़ी महम में रहता है। एक साल तक बलराम ने अपनी मौसी के लड़के सोनीपत के गांव बिचपड़ी हाल में गोहाना निवासी कप्तान उर्फ स्वीटी के पास ड्राइवर की नौकरी की। कप्तान उर्फ स्वीटी उसके बेटे के हाथों एक मंगलामुखी की हत्या करवाना चाहता था।
उसके बेटे ने गलत काम करने से मना कर दिया। इस कारण कप्तान उर्फ स्वीटी उससे नाराज हो गया और रंजिश रखने लगा। शनिवार को भी कप्तान ने उसके बेटे को महम में जान से मारने की धमकी दी थी। रविवार को करीब साढ़े 11 बजे कप्तान ने योजना बनाकर दो गाड़ियों में आठ से नौ युवकों को उसके घर भेजा।
आते ही युवकों ने बलराम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बलराम ने कमरे में छुपकर जान बचाई, जबकि एक गोली शमशेर सिंह के हाथ व दूसरी छाती में बायीं तरफ लगी। हमले में उसकी पुत्रवधू भी गिरने से घायल हो गई।
भीड़ एकत्रित होने पर हमलावर गाड़ी छोड़कर फरार
अंधाधुंध फायरिंग की सूचना पाकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और गाड़ी को घेर लिया। इससे हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। भीड़ ने हमलावरों की एक गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
ये हुए नामजद
पुलिस ने स्वीटी उर्फ कप्तान निवासी बिचपड़ी, सोमबीर व अजय निवासी बरोदा, रोहित उर्फ अंचित निवासी भैणी चंद्रपाल, विकास उर्फ सोनू निवासी निमड़ी, विक्रम निवासी राजस्थान व अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास व दूसरी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
गंगानगर में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे आरोपी, दुकानदार काबू
महम पुलिस को जांच में पता चला कि खेड़ी महम के कई आरोपी गंगानगर में दुकान के ऊपर बने कमरे को किराए पर लेकर रह रहे थे। दुकानदार ने डीसी के आदेश के बावजूद किराएदारों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाया था। इसके चलते पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सरकारी आदेशों का पालन न करने के आरोप में काबू कर लिया।
बरोदा में पुलिस की दबिश, दो गिरफ्तार
वहीं, महम पुलिस ने रविवार को दबिश देकर दो युवकों सोमबीर और अजय को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के दिन ही दो की गिरफ्तारी को पुलिस की कामयाबी माना जा रह है। सोमवार को पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
पुलिस लगातार आरोपियों को दबोचने का प्रयास कर रही है। वारदात के संबंध में दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि दूसरे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। - हिमेंद्र मीना, एएसपी महम