हरियाणा: बरेली का युवक हिसार ले जा रहा था तीन किलो चरस, रोहतक के सांपला में पुलिस ने धरा
आरोपी पुलिस से बचने के लिए सांपला में वाहन बदलते समय धरा गया। सीआईए पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को 4 फरवरी तक रिमांड पर लिया है। वह सांपला के ओवरब्रिज के नीचे वाहन का इंतजार करते समय धरा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बरेली से हिसार नशीला पदार्थ लेकर जा रहा एक युवक हरियाणा के रोहतक में सांपला के पास ओवरब्रिज के नीचे पुलिस के हाथ आ गया। कब्जे से आरोपी नरेंद्र के पास से 3 किलोग्राम चरस बरामद हुई। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 4 फरवरी तक रिमांड पर लिया गया है।
अपराध जांच शाखा प्रथम प्रभारी एसआई अनेश कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस की एक टीम सांपला पहुंची थी। इसी बीच सूचना मिली कि एक युवक सांपला के बस स्टैंड पर खड़ा है, जो नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में है। पुलिस ने झज्जर रोड फ्लाईओवर के नजदीक नाका लगाकर जांच पड़ताल की।
इसी बीच सांपला बस स्टैंड की तरफ से पैदल एक युवक आया, जो नीले रंग का बैग लिए हुए थे। शक के आधार पर काबू किया तो युवक ने अपनी पहचान नरेंद्र निवासी गांव गुलारिया रसुलपुर, जिला बरेली यूपी बताई। बीडीपीओ सांपला रामनिवास की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली तो बैग के अंदर 3 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
हिसार लेकर जा रहा था माल, सांपला में बदलना था वाहन
सीआईए प्रभारी अनेश ने बताया कि नरेंद्र पहले शराब बेचता था, लेकिन ज्यादा पैसा कमाने के लिए अब चरस की सप्लाई करने लगा था। पूछताछ में पता चला है कि वह हिसार माल लेकर जा रहा था। रास्ते में पुलिस से बचने के लिए सांपला में वाहन बदलना था। बस स्टैंड पर वह वाहन का इंतजार कर रहा था, लेकिन हिसार रवाना होने से पहले पुलिस की गिरफ्त में आ गया। अब पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उन लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जहां माल सप्लाई किया जाना था।