फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   मांग पूरी न होने पर टावर पर चढ़ा कपल रेस्टोरेंट संचालक

मांग पूरी न होने पर टावर पर चढ़ा कपल रेस्टोरेंट संचालक

Tue, 22 May 2018 03:16 AM IST
Updated Tue, 22 May 2018 03:16 AM IST
विज्ञापन
मांग पूरी न होने पर टावर पर चढ़ा कपल रेस्टोरेंट संचालक
आत्मरक्षा के लिए आत्महत्या करने 300 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा होटल संचालक
विज्ञापन

- बोला - हथियार का लाइसेंस दे पुलिस नहीं तो दे दूंगा जान

- आठ माह पूर्व इंद्रा कॉलोनी में दो बेटों की चाकू घोंपकर कर दी गई थी हत्या
- पत्नी बोली - मैं नहीं जाऊंगी मनाने, मुझे देखकर कहीं नीचे न कूद जाए
- पुलिस प्रशासन के फूले हाथ-पैर, सुरक्षा के लिए टावर के नीचे बिछाया जाल
- 200 फीट ऊंचाई पर बैठा है हवा सिंह सैनी

अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
इंद्रा कॉलोनी में 7 माह 11 दिन बाद भी दो बेटों की हत्या के बाद लगातार धमकी मिलने, मांग के बावजूद शस्त्र व सुरक्षा की मांग को पूरा नहीं किए जाने से क्षुब्ध होटल संचालक सोमवार को लघु सचिवालय के पास स्थित बीएसएनएल के 300 फीट ऊं चे टावर पर 200 फीट ऊंचाई पर जा बैठा। इस दौरान वह बार-बार नीचे कूदकर आत्महत्या की धमकी देता रहा। उसने कहा कि आर्म्स लाइसेंस दे पुलिस, वरना जान दे दूंगा। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। उसकी सुरक्षा के लिए टावर के नीचे जाल बिछाया गया। वह सात घंटे तक टावर पर ही चढ़ा रहा। उसके बाद एक रिश्तेदार ने किसी तरह समझाबुझाकर उसे नीचे उतरने के लिए राजी किया।

इंद्रा कॉलोनी निवासी हवा सिंह सैनी पुत्र जिले सिंह का मान सरोवर पार्क के कपल रेस्टोरेंट एंड कैफे के नाम से होटल है। बताया गया कि सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे हवा सिंह लघु सचिवालय व एसपी कार्यालय के पास स्थित बीएसएनएल कार्यालय के टावर पर जा चढ़ा। जिसको देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पाते ही पुलिस व डीएसपी रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। संचालक को उतारने का भी प्रयास किया। हवा सिंह का कहना था कि 10 अक्तूबर 2017 को उसके बेटे राहुल व विशाल की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार तो कर लिया था। आरोप है कि मगर आरोपी पक्ष के लोग जहां लगातार फैसले का दबाव बना रहे है। वहीं बार बार मांग के बावजूद भी उसका शस्त्र लाइसेंस नहीं बनाया जा रहा है। परिवार को दी गई सुरक्षा को भी हटा लिया गया है। टावर पर चढ़ा संचालक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बार बार टावर से नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। जबकि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लाउडस्पीकर के माध्यम से संचालक की सभी मांगों को पूरा करने की बात कहते हुए उससे नीचे उतरने की गुहार लगा रहे थे। पुलिस ने संचालक को उतारने के लिए टावर के नीचे जाल भी बिछाया मगर वह नीचे नहीं आ सका। रात करीब सवा दस बजे किसी तरह उसे समझाबुझाकर नीचे उतारा गया।
विज्ञापन


हवा सिंह के दोनों बेटों की हत्या के सभी छह आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। शस्त्र लाइसेंस की फाइल प्रोसेस में है। इसके बाद भी हवा सिंह क्यों टावर पर चढ़ा कुछ समझ में नहीं आ रहा है। उसे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

- रमेश सिंह, डीएसपी

हवा सिंह के बेटों की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई की। धमकी देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी

पत्नी ने मौके पर आने से कर दिया इनकार
हवा सिंह के टावर पर चढ़ने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उसकी पत्नी संगीता को मौके पर बुलाने का प्रयास किया। मगर उसने मौके पर आने से इनकार कर दिया। संगीता का कहना था कि पिछले कई माह से उनकी मांगों को पूरा नहंी किया जा रहा है। क्षुब्ध होकर पति टावर पर चढ़े है।

यह था मामला
हवा सिंह की पत्नी संगीता ने बताया कि बीती 23 अक्तूबर 2017 को उसके बेटे राहुल व विशाल की कुछ युवकों ने मोहल्ले में ही धारदार हथियारों व लाठी डंडों से हमला कर हत्या कर दी थी। दीपक, अर्जुन, हैप्पी, गजनी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मगर पीड़ित परिवार को बार-बार जान से मारने की धमकी मिल रही थी। आत्मरक्षा के लिए उसके शस्त्र, आर्थिक मदद के लिए 51 लाख रुपये व सुरक्षा की मांग को पूरा नहीं किया जा रहा था।



12 बार शिकायत के बावजूद नहीं की सुनवाई, बच्चों समेत आत्महत्या करने को मजबूर होगा परिवार
- टावर पर चढ़े संचालक की पत्नी ने सुनाई आपबीती
-बोली- अभी भी लगातार परिवार पर बनाया जा रहा फैसले का दबाव, शस्त्र लाइसेंस की मांग की तो पुलिस ने हटा ली सुरक्षा
मैं उस मनहूस दिन को कभी भी नहीं भूल सकूंगी। एक तो मेरे दोनों बेटों की हत्या कर दी गई। आत्मरक्षा के लिए हमने सुरक्षा की मांग की तो लगाई गई सुरक्षा को ही हटा लिया गया। एसएचओ से लेकर डीएसपी , पूर्व एसपी, सीएम व पीएम के यहां 12 बार गुहार लगाई मगर मांग को पूरा नहीं किया गया। अभी भी यदि मांग को पूरा नहीं किया जाता है तो बच्चों समेत आत्महत्या करने को बाध्य होंगे।
यह कहना था कि टावर पर चढ़े होटल संचालक हवा सिंह की पत्नी संगीता का। जिस समय संगीता का पति बीएसएनएल कार्यालय पर टावर पर चढ़ा था। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे नीचे उतारने के लिए उसकी पत्नी को बुलाने का प्रयास किया मगर उसने मौके पर जाने से साफ इनकार कर दिया। उसने कहा कि यदि वह जाएगी तो पति तुरंत ही नीचे कूदकर आत्महत्या कर लेंगे।

अमर उजाला ने भी संगीता से बात करने का प्रयास किया मगर पहले तो उसने पुलिस वाले समझ बात करने से इनकार कर दिया। बाद में अमर उजाला का पता चलने पर संगीता बात करने को तैयार हुई। बताया कि उसके बेटा शिवा कक्षा 10 जबकि अंकुर कक्षा 11 में पढ़ता था। किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पड़ोस के ही अंकुर के साथ पड़ोसी युवकों का झगड़ा हो गया था। दोनों ने बीच बचाव करा दिया था। जिसके कारण दोनों की हत्या कर दी गई। इस दिन को मैं कभी नहीं भूल सकूं गी। कहा कि पुलिस ने मात्र 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि 10 आरोपी अभी भी फरार घूम रहे है। हालांकि इन दस फरार आरोपियों को नामजद नहीं किया गया है।

संगीता ने बताया कि आत्मरक्षा के लिए बार-बार पति शस्त्र लाइसेंस की मांग कर रहे थे। एसएचओ से लेकर डीएसपी, एसपी, आईजी के अलावा सीएम विंडो व पीएम के यहां पर 12 बार पत्र भेजा गया। बावजूद इसके उनकी मांग पूरी नहीं की गई। यहीं नहीं उन्हें दिए गए सुरक्षाकर्मी को भी हटा लिया गया। कहा कि यदि जल्द ही परिवार की मांगों को पूरा नहीं किया जाता तो पूरा परिवार आत्महत्या करने को बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

टावर पर चढ़ने के बाद संचालक बोला
मै आत्महत्या करने जा रहा हूं, मेरे परिवार का ध्यान रखना
टावर पर चढ़ने के दौरान जहां संचालक जहां हाथ में बैग लिए हुए था। वहीं मोबाइल भी साथ लेकर ही चढ़ा। मोबाइल पर चढ़ने के बाद उसने एक दो नहंी कई पड़ोसियों के मोबाइल पर कॉल की। पड़ोसी अंकुर व शिवा को काल कर कहा कि पुलिस प्रशासन ने उसकी मांगों को नहीं माना। इसलिए वह अधिकारियों के चक्कर काटकर परेशान हो गया है। टावर से कूदकर आत्महत्या करने जा रहा हूं। मेरे परिवार का ध्यान रखना। संचालक ने एक दो नहंी दस से अधिक बार पड़ोसियों के पास काल की। पड़ोसियों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया मगर उसने उतरने से साफ इनकार कर दिया।

मुख्य गवाह को मैसेंजर पर दी मारने की धमकी
इंद्रा कॉलोनी के दोहरे हत्याकांड में मोहल्ले का ही अंकुर मुख्य गवाह है। अंकुर ने बताया कि 15 मई को उसे फेसबुक पर हिसारिया के नाम से फ्रें ड रिक्वेस्ट आई। जिसे उसने स्वीकार कर लिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने खुद को एक आरोपी का मामा बताया। कहा कि तुझे कई बार फैसला करने के लिए कहा जा चुका है। बावजूद इसके फैसला नहीं कर रहा है। यदि जल्द ही फैसला नहीं किया तो जान से मार दिए जाओगे। अंकुर का आरोप है कि बार बार शिकायत के बावजूद पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहंी कर रही है।

फोटो लेने का रहा क्रेज
संचालक के टावर पर चढ़े रहने के दौरान लोगों में उसका फोटो लेकर व्हाट्सएप व फेसबुक पर डालने का भी क्रेज रहा। लोग फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने में लगे रहे।

प्लीज भाई नीचे आ जा, सब मांगें होेंगी पूरी
भले ही हवा सिंह के बार-बार गुहार लगाने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं की जा रही हो। मगर उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने के डर से अधिकारी बार बार उससे गुहार लगाते रहे। मगर हवा सिंह ने किसी की भी एक नहीं सुनी। वह बार बार नीचे कूदने की चेतावनी देता रहा।

ऊपर चढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सका कोई
पुलिस या फिर अन्य किसी भी विभाग का कर्मचारी या फिर अधिकारी संचालक को टावर से नीचे उतारने की हिम्मत नहीं जुटा सके। अधिकारियों ने पड़ोसियों से भी ऊपर जाकर संचालक को नीचे उतारने के लिए कहा। मगर उन्होंने भी साफ इनकार कर दिया।

टावर पर संचालक के चढ़ने की खबर से संबंधित फाइल


नजदीकी की सहायता से उतारा नीचे, पानी की दो बोतल लेकर चढ़ा था ऊपर
रात तक भी जब हवा सिंह को नीचे नहीं उतारा जा सका तो उसके नजदीकियों को बुलाया गया। कलानौर निवासी हवा सिंह के नजदीकी राकेश सैनी मौके पर पहुंचे। किसी तरह हवा सिंह को कार्रवाई का आश्वासन दिलवाकर राकेश सैनी की मदद से ही नीचे उतरवाया गया। हवा सिंह को कई बार उल्टी भी हुई। आशंका जताई जा रही थी कि हवा सिंह ने किसी जहरीले पदार्थ का भी सेवन किया है। उसे पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। राकेश सैनी ने बताया कि दो बेटों की मौत के बाद से हवा सिंह परेशान था। बैग व पानी की बोतलें लेकर टावर पर चढ़ा था।


विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed