सोनीपत: सिपाही रविंद्र का मोबाइल सुशीला के पास से बरामद, आशा का मोबाइल भी कब्जे में लिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव बुटाना के पास रात को गश्त कर रहे सिपाही रविंद्र व एसपीओ कप्तान सिंह की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी सुशीला के घर से पुलिस ने सिपाही का मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो सुशीला ने रविंद्र का मोबाइल बरामद कराया। वहीं पुलिस ने आशा का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है।
मामले में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अमित ने आशा से उसके मोबाइल नंबर पर बातचीत की थी। पुलिस आरोपी युवतियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और निशानदेही भी करवाई। दोनों से पूछताछ जारी है।
बुटाना चौकी में तैनात सिपाही रविंद्र व एसपीओ कप्तान सिंह सोमवार रात को राइडर नंबर 41 पर गश्त के लिए निकले थे। वह जब कई साल से बंद पड़े हरियाली बाजार सेंटर के सामने पहुंचे थे वहां कार के पास कुछ युवक खड़े मिले और दो युवती भी उनके साथ थी। पुलिस कर्मचारी जब उन्हें चौकी ले जाने लगे थे तो आरोपियों ने उनसे हाथापाई की। बाद में चाकू से वार कर दोनों पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी थी।
घटनास्थल से सिपाही रविंद्र का मोबाइल गायब मिला था। पुलिस ने शुक्रवार को वारदात में आरोपी गांव बुटाना की सुशीला व आशा को गिरफ्तार करके दो दिन के रिमांड पर लिया। शनिवार को पूछताछ में सामने आया कि सुशीला घटनास्थल से रविंद्र का मोबाइल उठा ले गई थी। रविंद्र ने मोबाइल में कुछ फोटो खींच लिए थे।
सबूत मिटाने के लिए ही उनका मोबाइल फोन उठाया गया था। पुलिस ने रिमांड के दौरान सुशीला की निशानदेही पर उसके घर से सिपाही रविंद्र का मोबाइल बरामद किया है। जांच में सामने आया कि वारदात के दिन मुख्य आरोपी जींद के अमित ने मोबाइल पर आशा से संपर्क किया था। पुलिस ने आशा के घर से भी उसका मोबाइल जब्त कर लिया है।
युवतियों से कराई घटनास्थल की निशानदेही
पुलिस दोनों युवतियों को घटनास्थल पर भी लेकर गई। वहां पर उनसे निशानदेही करवाई गई। पुलिस को दोनों युवतियों वारदात की जानकारी दी है। दूसरी तरफ पुलिस ने फरार आरोपी विकास व नीरज की गिरफ्तारी के लिए भी कई जगह दबिश दी है। पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
गश्त पर निकले पुलिस कर्मियों की हत्या में आरोपी सुशीला से सिपाही रविंद्र का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वारदात के दिन मुठभेड़ में मारे गए अमित ने गांव बुटाना की आशा से उसके मोबाइल पर बातचीत की थी। आशा का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें जल्द काबू किया जाएगा। - बदन सिंह, थाना प्रभारी बरोदा।