नगर निगम जहां छुट्टी के दिन भी टैक्स जमा करवाने वाले के लिए काउंटर खोल रहा है। वहीं, दूसरी तरफ लोग टैक्स जमा कराने नहीं आ रहे हैं। रविवार को मात्र 10 लोगों ने निगम कार्यालय में आकर टैक्स जमा करवाया। इतना ही नहीं, निगम ने पांच दिन पहले जो 9 बिल्डिंग सील की थी, उनमें भरत कॉलोनी स्थित चार दुकानों के संचालकों ने 3 लाख रुपये बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जरूर जमा करवाया है। शहर में निगम का 60 करोड़ के करीब प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है, जिसकी वसूली के लिए निगम ने 24 नवंबर का विशेष अभियान चलाया। इसमें 9 बिल्डिंग सील की गई, जबकि पांच बिल्डिंग मालिकों ने 25 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स मौके पर जमा करवा दिया था। इसके बाद निगम ने शनिवार, रविवार व सोमवार को छुट्टी के बावजूद निगम का प्रॉपर्टी टैक्स काउंटर खोलने का निर्णय लिया था।
छुट्टी के बावजूद निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए काउंटर खोले हैं, जो सोमवार को भी खुले रहेंगे। हालांकि बहुत कम लोग टैक्स जमा करवाने आ रहे हैं। जो बिल्डिंग सील की थी, उनमें भरत कॉलोनी की चार दुकानों के संचालकों ने टैक्स जमा करवा दिया है। अब मंगलवार को टैक्स को लेकर जांच पड़ताल करेंगे।
-जगदीश चंद्र, क्षेत्रीय कर अधिकारी, नगर निगम।