बोर्ड परीक्षाः ड्यूटी दे रहे दो शिक्षक मोबाइल मिलने पर गिरफ्तार, महिला शिक्षक को पूछताछ कर छोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश की सियासी राजधानी में नकल का खेल जारी है। मंगलवार को हरियाणा शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन जगबीर सिंह ने छापा मारकर 10वीं की गणित की परीक्षा के दौरान दो शिक्षकों से मोबाइल फोन बरामद किए। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षकों को आईपीसी की धारा 188 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
अदालत में पेश करने पर आरोपी शिक्षकों को जमानत मिल गई। इसके अलावा पेपर आउट मामले में एक शिक्षिका को पुलिस ने हिरासत में लिया, बाद में जांच में शामिल होने की शर्त पर छोड़ दिया। इसके अलावा छह फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए, जो दूसरों की जगह परीक्षा दे रहे थे। जिले में मंगलवार को 16 यूएमसी बने।
मंगलवार दोपहर साढ़े बारह बजे दसवीं कक्षा का गणित विषय का पेपर शुरू हुआ। परीक्षा शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद ही प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह प्रश्न पत्र अमर उजाला के पास भी पहुंचा। वायरल प्रश्न पत्र का सच जानने के लिए व्हाट्सएप मैसेज जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा गया। यहां से कोई जवाब नहीं मिलने पर अमर उजाला ने यह मैसेज बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह को भेजा। चेयरमैन ने नकल पर अंकुश के चलते मामले को गंभीरता से लिया।
इसके कुछ ही देर बाद खुद डीसी व एसपी फील्ड में नजर आए। जिले के दोनों आला अधिकारियों की जोड़ी गांधी कैंप के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंची। इसी दौरान खुद चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांधी नगर पहुंचे। यहां तहसीलदार राजेश कुमार सैनी व डीएसपी नारायण चंद भी थे। पुलिस दलबल के साथ केंद्र पहुंचे चेयरमैन ने हर चीज को बारीकी से जांचा।
चेयरमैन को जांच के दौरान एक मोबाइल मिला। इससे गणित का प्रश्न पत्र आउट किया गया था। मोबाइल का मालिक परीक्षा केंद्र में ही बैठा परीक्षा दे रहा था। इसे पुलिस ने वहीं दबोच लिया। पूछताछ में इसने अपनी पहचान जींद के भंभेवा निवासी विनोद के रूप में दी। इसके खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इस कमरे में ड्यूटी दे रही राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय मकडौली की हिंदी अध्यापिका अंजू को पुलिस ने केस की जांच में शामिल किया है। उसे हिरासत में लेने के बाद जांच में बुलाने पर आने की शर्त पर छोड़ दिया गया।
चेयरमैन ने इसी परीक्षा केंद्र से दो युवकों को भी पकड़ा। ये दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे। राजकीय कन्या उच्च विद्यालय गोरावड़ के लेक्चरर छोटूराम नगर निवासी राकेश की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। लेक्चरर ने अपनी शिकायत में कहा है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांधी नगर में बतौर सुपरिंटेंटेंड ड्यूटी करते हुए मंगलवार को केंद्र में जांच की। इस दौरान फ्लाइंग ने भैणी महाराजपुर निवासी नवदीप व अंकित के स्थान पर फरमाणा खास निवासी रवींद्र व अजय को परीक्षा देते पाया। पुलिस ने इनके खिलाफ भी धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
शिक्षकों को कोर्ट से मिली जमानत
चेयरमैन मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिटौली पहुंचे। यहां परीक्षा केंद्र पर दो शिक्षकों के पास से मोबाइल बरामद किया गया। जबकि केंद्र पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंध था। टीम ने मोबाइल की पड़ताल की तो इसमें पहले हो चुके प्रश्न पत्र आउट करने का राज खुला। यह पेपर 11 मार्च को हुआ बताया जा रहा है।
इसके चलते नवयुग शिक्षा निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मकडौली खुर्द के शिक्षक सोनू कुमार व आनंद गोपाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिठाल के शिक्षक सुरेंद्र सिंह के खिलाफ केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 188 के तहत केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों को पुलिस ने अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
अब परीक्षार्थी को केंद्र के बाहर छोड़ना होगा बैग : चेयरमैन
बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने कहा कि नकल एक सामाजिक बुराई है। इसे सभी को मिलकर दूर करना होगा। बोर्ड अपने प्रयास कर रहा है। आम आदमी भी इस काम में सहयोग करे। अब तक सभी परीक्षाएं बेहतर ढंग से हुई हैं। यह पिछले साल में सबसे बेहतर है। बाहर से नकल अंदर नहीं जा रही है। यदि नकल गई है तो केस बना है।
अब तक 28 परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द हो चुकी है। यही नहीं सात केंद्र बदले भी जा चुके हैं। भविष्य में प्रश्न पत्र बाहर न जाएं, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में परीक्षार्थियों के बैग केंद्र के बाहर ही रखवाए जाएंगे। इन्हें अंदर नहीं लाने दिया जाएगा। क्योंकि विद्यार्थी बैग में मोबाइल लेकर आ रहे हैं।
प्रश्न पत्र पर लिखे रोल नंबर ने पकड़वाया
मंगलवार को परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही गणित का पेपर आउट करने वाला अपनी ही गलती से पकड़ा गया। इसके प्रश्न पत्र पर रोल नंबर लिखा था। पुलिस ने इस रोल नंबर पर परीक्षा दे रहे युवक की पड़ताल की तो प्रश्न पत्र आउट करने का खुलासा हुआ। उसके पास से मिले मोबाइल में प्रश्न पत्र व्हाट्सएप करने के चलते उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। केस की कार्रवाई में भी रोल नंबर ही दर्ज किया गया है।
केंद्र के बाहर छाने लोगों के मोबाइल
चेयरमैन के छापा मारने के बाद प्रश्न पत्र आउट करने का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने परीक्षा केंद्र के बाहर सघन जांच अभियान चलाया। यहां लोगों के मोबाइल जांचे गए। केंद्र के आसपास लोगों की भीड़ को भी जमा नहीं होने दिया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांधी नगर में बोर्ड फ्लाइंग ने छापा मारा है। यहां दो परीक्षार्थी दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़े गए हैं। एक परीक्षार्थी को प्रश्न पत्र आउट करने पर पकड़ा गया है। इनके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया गया है। नारायण चंद, डीएसपी।
गणित विषय की परीक्षा के दौरान करीब पौने एक बजे पेपर आउट होने की सूचना मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम यहां पहुंची और परीक्षार्थी को मोबाइल समेत काबू किया। यहां तैनात शिक्षिका को भी जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया है। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल पूरी तरह से प्रतिबंधित था। रिटौली में दो शिक्षकों के पास मोबाइल बरामद हुआ है। इनमें पुराने पेपर मिले हैं। इन शिक्षकों के खिलाफ भी पुलिस को शिकायत दे दी है। किसी भी परीक्षा केंद्र में बाहर से नकल अंदर नहीं आने दी गई है। इसलिए परीक्षा रद्द करने की जरूरत नहीं है। - डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।
फर्जी परीक्षार्थियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
मंगलवार को उपायुक्त आरएस वर्मा व पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने बोर्ड परीक्षा के चलते विभिन्न केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान व्यवस्था को चाक चौबंद करने व नकल रहित परीक्षा कराना सुनिश्चित किया। दोनों अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में पेपर लीक कराने की कोशिश करने वाले व दूसरे की जगह परीक्षा में बैठने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में मंगलवार को पांच लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले 16 विद्यार्थियों की यूएमसी बनाई गई।
सुंडाना के परीक्षा केंद्र में गेट के पास दीपक व रवि नाम के युवाओं को मोबाइल फोन में पेपर के साथ दबोचा गया। इस केंद्र के कमरा संख्या आठ में दीपक का भाई व कमरा संख्या 12 में रवि की बहन परीक्षा दे रही थी। दीपक व रवि को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इन संबंधित विद्यार्थियों की यूएमसी बनाई गई है। गांधी नगर में एक विद्यालय में मोबाइल फोन में पेपर पकड़ा गया। संबंधित विद्यार्थी, उसके पिता व इनविजिलेटर को राउंडअप किया गया है।
भिवानी रोड स्थित परीक्षा केंद्र में विद्यार्थी के स्थान पर परीक्षा दे परीक्षार्थी के भाई को भी पकड़ा गया है। विद्यार्थियों व अन्य अनियमितता में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इधर, राजकीय उच्च विद्यालय नांदल में दूसरे की जगह परीक्षा देते युवक पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, दीप सीनियर सेकेंडरी स्कूल खरैंटी के नितेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा था। इस बारे में सुपरवाइजर सोनू सांगवान ने शिकायत दी है।