एटीएम यूज करने वाले न करें ये गलती, वरना खाता हो जाएगा खाली, गुर्गे को पकड़ने के बाद पुलिस की सलाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुरानी सब्जी मंडी थाना क्षेत्र के एक एटीएम पर स्कैनिंग मशीन के जरिये एटीएम कार्ड स्कैन कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान कच्ची गढ़ी मोहल्ला निवासी सुमित उर्फ जोनी के रूप में हुई है। आरोपी ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग से धोखाधड़ी कर रोहतक और दिल्ली 15-15 वारदात करने का खुलासा किया है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने तीन दिन का रिमांड हासिल किया।
डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा ने बताया कि आरोपी 14 दिसंबर को ही झज्जर जेल से जमानत पर आया है। आरोपी को बहादुरगढ़ पुलिस ने एटीएम का क्लोन तैयार करने के मामले में पकड़ा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एटीएम कार्ड को स्कैन कर दिल्ली पहुंचता था। यहां उसका मास्टरमाइंड भाई कार्ड का क्लोन तैयार करता था। इसके बाद आरोपी दिल्ली के एटीएम से ही धड़ाधड़ रुपये निकाल लेता था। अभी तक क्लोनिंग से वह साढ़े छह लाख रुपये से ज्यादा निकाल चुका है। जिसमें से 70 प्रतिशत हिस्सा उसके मास्टरमाइंड मौसेरे भाई का और 30 प्रतिशत हिस्सा उसका रहा।
आरोपी ऐसे करते हैं एटीएम कार्ड स्कैन और क्लोन तैयार
डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह एटीएम मशीन पर खड़े होकर एटीएम कार्ड इस्तेमाल न कर पाने वाले लोगों की मदद के बहाने उनसे एटीएम कार्ड लेकर खुद के हाथ में लिए एक इलेक्ट्रोनिक डिवाइस में कार्ड स्कैन कर लेता था। इसके बाद आरोपी एटीएम कार्ड को वापस उसी व्यक्ति को दे देता था।
जब वह व्यक्ति पैसे निकालते वक्त पिन एटीएम मशीन में डालता तो पीछे खड़े होकर आरोपी पासवर्ड देख लेते। स्कैन किए हुए कार्ड की जानकारी डिवाइस में एक ही दिन सेव रहती थी। इसलिए इसी दिन वह दिल्ली पहुंच जाता था। वहां दिल्ली निवासी अपने मौसेरे भाई के पास जाकर उसके कार्ड क्लोनिंग मशीन से कार्ड का क्लोन तैयार करवा कर विभिन्न एटीएम से रुपये निकलवाता था।
30 हजार में ऑनलाइन बुक करवाते थे स्कैन मशीन
पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुलासा किया है कि उनका गिरोह एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार करने की मशीन 30 हजार रुपये में ऑनलाइन मंगवाता है। यूपी से ये मशीन डाक के माध्यम से आती है। आरोपी कई जगह पर पेटीएम के माध्यम से पैसे भेजते हैं। मशीन को गिरोह का एक ही व्यक्ति रखता है। जो एटीएम कार्ड को स्वैप करने के लिए कई लोगों को लगा देता है। कार्ड को स्वैप करने वाले युवकों को कुछ परसेंट हिस्सा देता है। एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार करने वाले गिरोह के ठग तकरीबन दिल्ली में पहुंचकर पैसे निकलवाते हैं।
रोहतक में हैं और भी ठग, पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस के सामने आरोपी ने खुलासा किया है कि शहर में एक और युवक एटीएम कार्ड बदलकर स्कैनिंग की वारदात कर रहा है। ये युवक एटीएम कार्ड को स्कैन करने से लेकर क्लोन तैयार करने की मशीन भी अपने पास रखता है। एटीएम में लोगों की मदद करने के नाम पर पहले एटीएम कार्ड को स्कैन करता है, फिर खुद की एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर उनके अकाउंट से पैसे निकालता है।
पुलिस की सावधान रहने की अपील
- रुपये निकालने से पहले एटीएम मशीन में कोई अतिरिक्त डिवाइस न लगा हो इसकी जांच करें।
- पैसे निकलवाते समय एटीएम बूथ में कोई अंजान व्यक्ति मौजूद न हो। हो तो उसे बाहर जाने के लिए कहें।
- रुपये निकालते वक्त किसी अनजान व्यक्ति की मदद ना लें।
- अपने एटीएम कार्ड के पिन को सुरक्षित रखें और हाथ से ढककर एटीएम मशीन में भरें ताकि किसी को दिखे ना।
- एटीएम कार्ड से संबंधित जानकारी किसी भी व्यक्ति से साथ साझा न करें।