रेवाड़ी। खेल दिवस के मौके पर कांग्रेस विधायक चिरंजीव राव ने गांव आकेड़ा में आयोजित वालीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने आकेड़ा में बने स्टेडियम और हर्बल पार्क का जायजा लिया। विधायक ने बताया कि 6 एकड़ में स्टेडियम पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने बनवाया था। लेकिन जब से भाजपा सरकार बनी है यहां पर एक ईंट तक नहीं लगी है।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम में बड़ी-बड़ी घास हो गई है। दौड़ने के ट्रैक और कोच नहीं हैं। वहीं कांग्रेस सरकार ने जो बिल्डिंग की शुरुआत करवाई थी, वह भी अधूरी ही पड़ी हुई है। एक तरफ हरियाणा के खिलाड़ी विदेश में नाम रोशन कर रहे हैं और दूसरी तरफ हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की बजाय पीछे धकेल रही है। यदि स्टेडियमों की ऐसी दयनीय स्थिति रहेगी तो खिलाड़ियों का मनोबल कैसे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि 18 एकड़ में बने हर्बल पार्क का भी यही हाल है। हर्बल पार्क में एलोवेरा, तुलसी, आंवला, गिलोय सहित इम्युनिटी बढ़ाने वाले औषधीय पौधे होने चाहिए, लेकिन यहां पर ऐसा कुछ नहीं है। इतने बड़े पार्क में मात्र एक अस्थायी माली लगा हुआ है। एक आदमी क्या-क्या करेगा। शनिवार को करनाल के बसताडा टोल पर किसानों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि आखिर कब तक निर्दयी सरकार किसानों पर अत्याचार करती रहेगी। देश में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं बची है। सीनियर अधिकारी एक वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि किसानों के सिर फोड़ दो। जो किसान देश का पेट भरता है उस किसान का सिर फोड़ने का आदेश हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार दे रही है।