उप पुलिस अधीक्षक बावल राजेश कुमार की अध्यक्षता में थाना बावल परिसर में थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों के मौजिज व्यक्तियों, नंबरदारों व चौकीदारों की बैठक की गई। बैठकमें गांवों में ठीकरी पहरा लगवाने के संबन्ध में दिशा निर्देश दिए गए।
उप पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बढ़ती सर्दी के साथ गाँवों में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगती हैं। इन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपने-अपने गांवों में नियमित रूप से ठीकरी पहरा लगवाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में पांच सदस्यों की एक पीसफुल कमेटी बनाए जो गांवों में शरारती तत्वों, नशाखोरी करने व संदिग्धों व्यक्तियों पर नजर रखेगी तथा इनकी सूचना नजदीकी थाना प्रबंधक, कंट्रोल रूम या डायल-112 पर देगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के नए वैरिएंट के खतरे के चलते प्रदेश सरकार द्वारा जारी महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के तहत कोविड की गाइडलाइन की पालना के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। इस अवसर पर प्रबंधक थाना बावल निरीक्षक विजेंद्र सिंह सहित थाने के पुलिस कर्मचारी, गांवों के मौजिज लोग, नंबरदार व चौकीदार उपस्थित रहे।