ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंदों को रात के समय ठहराव के लिए रेडक्रॉस भवन व बस स्टैंड पर रैन बसेरों का उपायुक्त ने शुभारंभ किया। रेडक्रास सोसायटी भवन व बस स्टैंड में पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग रैन बसेरों की सुविधा मुहैया करवाई गई है।
बता दें कि अमर उजाला ने दो दिसंबर को ठंड के बावजूद रैन बसेरों के दयनीय हालात पर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। डीसी ने रैन बसेरों का अवलोकन करते हुए सचिव रेडक्रास सोसायटी को रैन बसेरों में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, वेंटिलेशन, रंग-रोगन करवाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने रैन बसेरों में प्रयोग होने वाली चादर इत्यादि की अच्छी प्रकार से साफ-सफाई करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस बारे में किसी भी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम रेवाड़ी रविंद्र यादव, सचिव रेडक्रास श्याम सुंदर, सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार सहित रेडक्रास के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।