रेवाड़ी: कार की टक्कर से दंपती की मौत, दो लोग घायल, लग्न समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे घर
नारनौल के अटेली के पास हादसा हुआ। वे लग्न समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। वहीं दूसरी घटना में बस की टक्कर से पिकअप पलट गई, जिसमें 10 खिलाड़ी जख्मी हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रेवाड़ी में नारनौल के अटेली में मंगलवार की रात गलत साइड से आ रही एक कार ने दूसरी कार को टक्कर मार दी। इसमें दूसरे कार में सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग लग्न समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। घायलों को रेवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, दूसरी घटना में बस की टक्कर लगने से पिकअप सवार नौ खिलाड़ी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वे सभी रेवाड़ी में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिले के गांव मनेठी निवासी आकाश (26), पत्नी शीतल (25), आकाश की मां राजबाला व चचेरा भाई नीरज कार से मंगलवार को नारनौल के गांव अनंतपुरा में किसी रिश्तेदार के यहां लग्न समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। सभी लोग रात साढ़े 11 बजे कार से घर लौट रहे थे।
इस बीच अटेली कस्बा में गलत साइड से आ रही दूसरी कार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर आसपास के जुट गए। साथ ही उन्होंने चारों लोगों को रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने आकाश और शीतल को मृत घोषित कर दिया।
घायलों को किया गया रेफर
हादसे में घायल हुए राजबाला और नीरज को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे का शिकार हुए आकाश और शीतल के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर, अटेली थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश में जुट गई है। आकाश रेवाड़ी के ही कुंड कस्बा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में लैब तकनीकी विशेषज्ञ थे। उनके पिता भी लैब में काम करते हैं। हादसे के बाद गांव मनेठी में मातम पसर गया है।
उधर, दूसरी घटना नारनौल रोड पर पाली फाटक के पास हुई। इस दौरान एक बस ने नारनौल के क्रिकेट खिलाड़ियों को लेकर रेवाड़ी आ रही पिकअप को टक्कर मार दी। इससे पिकअप पलट गई। इस दौरान उसमें सवार नौ क्रिकेट खिलाड़ी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। चालक की हालत गंभीर होने के कारण उसको रोहतक पीजीआई भेजा गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
जांचकर्ता एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि नारनौल के कृष्णा कॉलेज की क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रोहित, पंकज, प्रदीप, पवन कुमार, राहुल, सुशील, सुनील, अजय एक पिकअप में सवार होकर रेवाड़ी के केएलपी कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए निकले थे। गाड़ी को दीपक नाम का चालक चला रहा था।
जब पिकअप नारनौल रोड पर पाली फाटक के पास पहुंची तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बस ने पिकअप को ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप पलट गई और उसमें सवार सभी छात्र घायल हो गए। यह देखकर पीछे से आ रही रोडवेज बस के चालक ने तुरंत बस रोकी और सवारियों की मदद से बचाव अभियान चलाया।
रोडवेज बस चालक ने सभी घायलों को पिकअप से निकालकर बस से ही तुरंत ही रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चालक दीपक की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार देकर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
- 30 जनवरी को कार की टक्कर लगन से कोसली में दुकानदार की मौत हो गई थी, जबकि हादसे में उसका एक साथी घायल हो गया था। इस मामले में पुलिस की ओर से कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
- 31 जनवरी की रात को 9 बजे खोल क्षेत्र के गांव चिताडूंगरा के समीप कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक की साले की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
- 3 फरवरी को रामगढ़ भगवानपुर रोड पर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
- 5 फरवरी को जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घतटर्नाओं में दो युवकों की मौत हो गई थी। जबकि तीन युवक घायल हो गए थे। यह हादसे हाइवे नंबर 71 पर मांढैया व शहर के गढ़ी बोलनी रोड पर शक्ति नगर के समीप हुए थे। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मामला दर्ज कर लिया था।
- 7 फरवरी की शाम 7 बजे धारूहेड़ा के 75 फुटा भिवाड़ी रोड पर किसी वाहन की टक्कर से साइकिल सवार 15 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। इस मामले में अगले दिन बच्चे की शिनाख्त हो पाई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
जिले में 12 स्थानों पर हैं दुर्घटना संभावित क्षेत्र
जिले में 12 स्थानों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र बनाए गए हैं। इसमें बनीपुर चौक, ओढ़ी कट, जयसिंहपुर खेड़ा, संगवाड़ी, असायी ग्लास चौक, हीरो कट, साहबी पुल, साबन चौक, पाल्हावास, गुरावड़ा, भूडला एवं पाडला व हाईवे नंबर 48 है।
जिले में यातायात पुलिस की ओर से समय-समय पर अभियान चलाकर वाहन चालकों को नियमों के बारे में जागरूक किया जाता है। नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान भी काटे जा रहे हैं। वाहन चलाते समय चालक हेलमेट का उपयोग जरूर करें। वाहन की गति भी धीमी होनी चाहिए। ताकि आपातकालीन स्थिति में वाहन को समय रहते काबू में किया जा सके। वाहन चालक वाहन सड़क पर लगे सांकेतिक सूचकों का ध्यान भी रखें। - रामानंद, प्रभारी, यातायात थाना, रेवाड़ी