फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   अलर्ट पर रहा प्रशासन, डाक्टरों की छुट्टियां रहीं रद्द

अलर्ट पर रहा प्रशासन, डाक्टरों की छुट्टियां रहीं रद्द

Fri, 16 Feb 2018 12:13 AM IST
Updated Fri, 16 Feb 2018 12:13 AM IST
विज्ञापन
अलर्ट पर रहा प्रशासन, डाक्टरों की छुट्टियां रहीं रद्द
अलर्ट पर रहा प्रशासन, डाक्टरों की छुट्टियां रहीं रद्द
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जींद रैली को लेकर प्रशासन वीरवार को अलर्ट रहा। रैली के मद्देनजर थाने सुबह खाली रहे। करीब 200 पुलिस कर्मचारियों की व्यवस्था संभालने के चलते सुबह साढ़े 10 बजे तक थानों में इक्का-दुक्का ही कर्मचारी नजर आए। हालांकि बाद में पुलिसकर्मी लौटने लगे। अस्पतालों में हालात सामान्य रहे। सभी चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द थी। अस्थाई रूप में कई चिकित्सकों को किसी भी अनहोनी की आशंका के चलते अलग-अलग चिकित्सा केंद्रों पर तैनात किया गया था। वहीं सरकारी कार्यालयों मेें भी रूटीन की तरह ही कामकाज चला। सभी जगह रैली की चर्चा जरूर थी लेकिन इससे किसी तरह का कामकाज प्रभावित नहीं हुआ। रैली को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ अर्द्ध सैनिक बलों की टुकड़ी भी तैनात रही। यह टुकड़ी शहर के विभिन्न चौराहों पर तैनात थी। शहर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही थी। जिले में 12 एंबुलेंस के साथ 12 डॉक्टर रखे गए। इनमें सात एंबुलेंस शहर और तीन एंबुलेंस हाईवे पर तैनात किया गया था। दो एंबुलेंस को रिजर्व में रखा गया। दो एंबुलेंस और छह डॉक्टर जींद रैली में भेजे थे। प्रत्येक सीएचसी-पीएचसी में भी किसी भी गंभीर हालात से निपटने के पुख्ता इंतजाम थे। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन की तरह 1400 की ओपीडी हुई।

दावा 3500 का पहुंचे 1500 बाइकों में करीब तीन हजार कार्यकर्ता
हाथ में झंडा, सिर पर टोपी और गले में दुपट्टा। वीरवार सुबह ऐसा ही नजारा पीतल नगरी के हर चौराहे और गली में देखने को मिला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जींद में युवा हुंकार रैली में रेवाड़ी से बड़ी संख्या में बाइक पहुंची। हालांकि भाजपाई करीब 3500 बाइक ले जाने का दावा कर रहे हैं लेकिन जानकारी के अनुसार 1500 बाइकों में करीब तीन हजार लोग रैली में पहुंचे।
विज्ञापन

युवा हुंकार रैली के लिए सुबह रेवाड़ी में भाजपाइयों का जोश देखते ही बनता था। बाइकों पर सवार कार्यकर्ता भारत माता के जयकारे लगाकर अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर एकत्रित हो रहे थे। रेवाड़ी में सर्वाधिक भीड़ गढ़ी बोलनी रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय पर देखी गई। यहां से सभी मोर्चों, जिला कार्यकारिणी और बावल विधानसभा के कार्यकर्ता रवाना हुए। इन्हें जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष पंडित योगेंद्र पालीवाल और शहर विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं विधायक कार्यालय और दिल्ली रोड स्थित भाजपा कार्यालय से विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास और भाजपा जिला महामंत्री अमित यादव, सेक्टर तीन से प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद यादव, सेक्टर एक से भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला के नेतृत्व में कार्यकर्ता जींद रैली के लिए रवाना हुए। धारूहेड़ा से कार्यकर्ता दयाराम सैनी के नेतृत्व में रवाना हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन

-----------
पेट्रोल पंपों पर रही भीड़
रैली में रवाना से पूर्व पेट्रोल पंपों पर भाजपाइयों की भी खासी भीड़ रही। सभी अपने-अपने वाहन लेकर टंकी फुल कराने में जुटे रहे। शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर यही स्थिति देखी गई। हाईवे पर पेट्रोल पंपों पर भी खासी भीड़ देखने को मिली। हुंकार रैली का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में जोश भरना था। इसी उद्देश्य से रेवाड़ी से करीब 1500 बाइकों में सवार होकर कार्यकर्ता जींद रैली में पहुंचे। जींद की रेवाड़ी से एक तरफ की दूरी 135 किलोमीटर है। ऐेसे में दोनों तरफ 270 किलोमीटर का सफर एक बाइक ने तय की। ऐसे में अगर एक वाहन में 500 रुपये का पेट्रोल फुंकता है तो साढ़े सात लाख रुपये का पेट्रोल तो जिले से ही फुंक गया।
----------
विधानसभा चुनाव से पहले की परीक्षा
जींद रैली को विधानसभा चुनाव में दावेदारी दिखाने के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। इसके लिए दावेदारों ने भी इसके लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। बाइक रैली से वह संगठन को अपनी ताकत दिखाना चाहते थे। जैसे-जैसे बाइकों की संख्या बढ़ रही थी। उसी तरह भाजपाइयों में भी जोश बढ़ता जा रहा था। बाइकों के आगे बज रहे देशभक्ति के गीतों पर कार्यकर्ता भी नृत्य करने लगे। बाइक सवारों में सेल्फी खिंचने को लेकर भी खासा उत्साह दिखा।

----------------
सारे साजो सामान के साथ रवाना
बाइक रैली में बाइकों के साथ पिकअप भी चली। इसमें खाने-पीने का सामान, पंक्चर वाला एवं रिपेयरिंग का सामान रखा गया। एंबुलेंस की भी व्यवस्था रखी गई। इससे कोई हादसा होने तुरंत व्यवस्था की जा सके। रैली को लेकर पुलिस भी मुस्तैद रही। जाम की सुरक्षा से निजात दिलाने के लिए पुलिसकर्मी मशक्कत करते दिखे। जींद रैली और 18 फरवरी के बलिदान दिवस को लेकर जिले में 19 फरवरी तक धारा-144 लगी है। किसी भी तरह की घटना से निपटने के लिए अर्द्धसैनिक बलों के जवान भी तैनात हैं।

---------
कुलाना बार्डर पर दिखा जिले का संगम
जिले के विभिन्न हलकों से विभिन्न पदाधिकारियों के नेतृत्व में रवाना हुई बाइक रैली रेवाड़ी के कुलाना बार्डर पर रुकी। यहां सभी जगह से आए कार्यकर्ता एकत्रित हुए। जिससे मार्ग जाम हो गया। बाद में सभी एक साथ यहां से जींद के लिए रवाना हुए। बाइक रैली में यातायात के नियमों की भी खुलकर धज्जियां उड़ीं। किसी बाइक पर तीन तो कई बाइक चालक बिना हेलमेट पहने रैली के लिए रवाना हुए। कई बाइक चालकों ने अपनी बाइकों से पटाखों की आवाज निकल रही थी। जो सभी को परेशान कर रही थी।

----------
कोसली और बावल हलके में भी दिखाई ताकत
कोसली में बाइक सवार राजीव गांधी खेल स्टेडियम कोसली में एकत्रित हुए। यहां सभी कार्यकर्ता विधायक बिक्रम सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव, गुरुग्राम निगरानी कमेटी चेयरमैन लक्ष्मण यादव के नेतृत्व में जींद के लिए रवाना हुए। वावल से भी जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता रवाना हुए। रैली को रवाना करने से पूर्व भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला के कार्यालय के बाहर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश ग्रोवर ने शंख बजाकर रैली को रवाना किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष एवं विधायक कार्यालय के बाहर भाजपा की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी चांदना के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने तिलक लगाकर रैली रवाना की।

---------
सत्ता पक्ष बोला सुपर तो विपक्ष बोला फ्लॉप शो रही रैली
रेवाड़ी। काफी समय से चल रही तैयारियों के बाद वीरवार को हुई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के बाद पार्टी पदाधिकारी खुश नजर आए। पदाधिकारियों ने रैली को सफल बताया और कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। रैली का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में जोश भरना था। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भाषण के बाद कार्यकर्ता जोश से लबरेज हैं। दूसरी तरफ विपक्ष इस रैली को भाजपा का फ्लॉप शो बता रहा है। संगठन ने इस रैली में जिले से 3000 बाइक ले जाने का दावा किया था लेकिन वहां केवल 1500 बाइक ही जा पाईं।
-------------
रैली पूरी तरह सफल है। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ इस रैली में भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं में जोश भरना था। वह पूरा हुआ। - रणधीर सिंह कापड़ीवास, विधायक, रेवाड़ी
हम सभी ने पूरे प्रयास किए हैं। रैली को लेकर काफी दिनों से तैयारी थी। बूथ स्तर तक इसके लिए पूरे प्रयास किए। यह कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं। बल्कि संगठन का कार्यक्रम था। - बिक्रम सिंह यादव, विधायक, कोसली
हमारी रैली पूरी तरह कामयाब हुई है। सभी कार्यकर्ताओं को इसके लिए धन्यवाद। सभी अपनी तरफ से पूरे प्रयास किए। बड़ी मात्रा में कार्यकर्ता रैली में पहुंचे। - डॉ. बनवारीलाल, जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री

रैली से कोई लाभ नहीं मिलेगा। आज भाजपा से किसान, मजदूर, व्यापारी सभी परेशान है। फौजी भी वन रैंक, वन पेंशन नहीं मिलने से आक्रोशित है। यह भाजपा का फ्लॉप शॉ है। भाजपा ने जिस तरह कश्मीर में भाईचारा बिगाड़ा है। हमारी अमित शाह से विनती है कि वह भाईचारा हरियाणा में कायम रहने दें। हमें तो रैली में युवाओं का कोई हुंकार दिखाई नहीं दिया। यह भाजपा का फ्लॉप शो रहा। - संदीप यादव, जिलाध्यक्ष, आप
भाजपा सत्ताधारी पार्टी है। अभी कोई चुनाव भी नहीें है। यह केवल युवाओं को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। सरपंचों पर भी भीड़ एकत्रित करने का प्रेशर था। यह अपने चुनाव वादे छुपाने के लिए कर रहे हैं। - अशोक अहमदपुर, जिलाध्यक्ष, बसपा

भाजपा की हुंकार रैली पूरी तरह फ्लॉप रही। इस रैली से अधिक लोग तो इन्हें काला झंडा दिखाने वाले रहे। सरकार इस रैली में सरकारी तंत्र का उपयोग किया है। वह सरासर गलत है। - राजपाल यादव, जिलाध्यक्ष, इनेलो
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed