फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   102-year-old Omkar Singh was with Netaji in World War II

सुभाष चंद्र बोस जयंती: द्वितीय विश्व युद्ध में नेता जी के साथ रहे थे 102 साल के ओंकार सिंह, पाेते को सुनाते हैं किस्से 

Sun, 23 Jan 2022 02:00 AM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी (हरियाणा) Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Sun, 23 Jan 2022 02:00 AM IST
सार

नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर आईएनए के जवानों व शहीदों के परिजनों से बातचीत की गई। आईएनए के काफी गुमनाम शहीदों को पहचान मिलना बाकी है। आजाद हिंद फौज के सिपाही कोसली निवासी मंगल सिंह से भी बातचीत की। 

विज्ञापन
102-year-old Omkar Singh was with Netaji in World War II
अपने परिजनों के साथ स्वतंत्रता सेनानी ओंकार सिंह। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

आज पूरा देश नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर उन्हें नमन कर रहा है। सामाजिक संस्थाएं हों या राजनीतिक दल, सभी ने बोस की यादों को ताजा करने और युवा पीढ़ी तक नेता जी के कारनामों को पहुंचाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

विज्ञापन


ऐसे में अगर दक्षिण हरियाणा की अहीरवाल, जिसे सैनिकों की खान कहा जाता है, उसका जिक्र नहीं किया जाए तो यह उन वीर शहीदों के साथ नाइंसाफी होगी, जोकि देश के लिए अपना अमूल्य जीवन कुर्बान करके हमें आजादी की हवा में सांस लेने का अनमोल मौका उपलब्ध करा गए।
विज्ञापन


हरियाणा के रेवाड़ी में नेताजी से जुड़े सैनिक उस वक्त रहे हैं, जिनमें से काफी आजाद हिंद फौज, ब्रिटिश सेना से बागी होकर आईएनए में शामिल होने वाले या वो शहीद जिन्होंने किसी भी रूप में आजादी के लिए जंग लड़ने वालों की मदद की या अंग्रेजी हुकूमत की नजर में उनके मददगार साबित हुए। ऐसे ही लोगों में एक हैं जिले के गांव टूमना निवासी 102 साल के ओंकार सिंह, जिनको जिंदा शहीद कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


उनके परिवार में पोते भूपेंद्र, उनकी पत्नी और पड़पोता दक्ष शामिल हैं। कुछ समय पहले वे रेवाड़ी शहर के मार्स अस्पताल में बीमारी की वजह से दिसंबर में उपचार के लिए दाखिल कराए गए थे। उस वक्त उनका सारा इलाज निशुल्क हुआ, अब सेहतमंद होकर अपने घर लौट गए। उनके पोते भूपेंद्र बताते हैं कि बाबा ओंकार उनको नेता जी सुभाष चंद्र बोस, द्वितीय विश्व युद्घ समेत अन्य किस्से सुनाते हैं।

अधिक उम्र होने की वजह से बाबा ओंकार की आंखों की रोशनी अब कम हो गई है लेकिन वे अपने पड़पोते को अच्छी तरह पहचानते हैं और अपने परिवार के सदस्यों को भी देखते ही पहचान लेते हैं। दक्ष पेशे से जिम ट्रेनर के तौर पर जॉब करते हैं, जिससे इस परिवार को कुछ आय मिलती है। इसके अलावा करीब 50 हजार रुपये बाबा ओंकार सिंह को सरकार की ओर से पेंशन भी मिलती है।

उनके दस्तावेजों को देखकर यह साफ जाहिर होता है कि वे द्वितीय विश्व युद्घ के वक्त नेता जी के साथ थे। रेजांगला शौर्य समिति के संयोजक एडवोकेट नरेश चौहान ने बताया कि इस पूर्व सैनिक के एक लड़का और चार लड़कियां हैं। इनकी दो शादियां हुई। द्वितीय विश्व युद्घ की काफी घटनाएं उनको अभी तक याद हैं।

द्वितीय विश्व युद्घ के दौरान नेता जी के साथ इनका जुड़ाव रहा। वे आर्टिलरी में नायक रैंक पर थे। आईएनए से 12 मार्च 1942 को भर्ती हुए थी। उनकी जन्मतिथि 12 मई 1919 जोकि प्रमाणित रिकॉर्ड के अनुसार दर्ज है। भूपेंद्र बताते हैं कि बाबा की दो शादियां र्हुइं।

पहली पत्नी से बेटी चंद्रकला ने जन्म लिया। दूसरी पत्नी गोदावरी जिंदा हैं, उनसे दो लड़के और तीन लड़कियां हुई। एक लड़का अविवाहित चल बसा। दूसरा लड़का महा सिंह भी चल बसा। उसके बेटे भूपेंद्र हैं और भूपेंद्र सिंह का बेटा दक्ष जोकि बाबा ओंकार का पड़पोता है। गोदावरी बताती हैं ओंकार सिंह काफी-काफी समय बाद घर आते थे। परिवार में उस वक्त इतनी आमदनी नहीं थी। गुजारा बामुश्किल चलता है। परिवार ने काफी परेशानियां झेली। अब पड़पोता दक्ष उक्त पूर्व सैनिक की विरासत को आगे बढ़ाएगा।

गुमनाम शहीदों को पहचान दिलाने में जुटे हैं फौगाट

चरखी दादरी के गांव ढाणी फौगाट के श्री भगवान फौगाट गुमनाम शहीदों को पहचान दिलाने में जुटे हैं। इनमें नेताजी के साथ लड़ने या मदद करने वाले, ब्रिटिश अदालतों में उनके मददगार साबित लोग शामिल हैं, जिन्हें सरकार ने शहीद का दर्जा नहीं दिया। फौगाट के मुताबिक रेवाड़ी में उनकी ओर से करीब 14 गुमनाम शहीदों के नाम ढूंढ कर प्रशासन को उपलब्ध कराए गए हैं, जिनको शहीद का दर्जा देने का काम चल रहा है। रोहतक और झज्जर जिले में यह काम जिला प्रशासन की ओर से किया गया। हिसार का प्रशासन भी इस विषय में सरकार के नक्शे कदम पर चल रहा है मगर जिला रेवाड़ी प्रशासन की ओर से सरकार से पत्र व्यवहार में देरी होने से यह काम मध्यम गति से चल रहा है। रेवाड़ी में गांव झाबुआ के मूलचंद, फूलाराम, गांव प्राणपुरा के पीमाराम, सुलखा के जागेराम, मोतला खुर्द के रामचंद्र, डवाना के सिंहराम, निमोठ के मंगल सिंह, खरखड़ा के अमर सिंह, मोहदीनपुर के मामन सिंह, कंवाली के मोहल्लड़ सिंह का नाम शहीद जवानों में दर्ज मिला।

आज भी नेताजी का नाम सुनते ही आ जाती है आंखों में चमक


रेवाड़ी/कोसली।
गोरे ने हिंदुस्तान को गाली दी तो बर्मा की सेंट्रल जेल में बंद आजादी के परवाने आजाद हिंद फौज के सिपाही कोसली निवासी मंगल सिंह ने उसकी धुनाई कर दी। जेलर ने माफी मांगने के लिए कहा, लेकिन मंगल ने मना कर दिया। इस पर उनको एक सप्ताह भूखा रखा गया, लेकिन उनका हौसला कम नहीं हुआ। गांव कोसली के निवासी 102 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी मंगल सिंह ने अमर उजाला से खास बातचीत में अपने अनुभव सांझा किए। इतना ही नहीं उन्होंने मौजूद हालात पर भी बेबाकी से बात रखी। मंगल सिंह शारीरिक रूप से कमजोर दिखाई दिए, लेकिन जैसे ही उनके सामने आजाद हिंद फौज और नेताजी सुभाष चंद्र बोस का नाम आया, उनकी आंखों में चमक आ गई। सूरत सिंह के परिवार में तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े मंगल सिंह लोगों से नेताजी सुभाष चंद्र बोस का नाम सुनते थे। तभी से उन्होंने सेना में भर्ती होने का मन बना लिया था।

पांच साल बर्मा की जेल में रहे

उस समय ब्रिटिश सेना में भर्ती होना आसान था। इसलिए नेताजी तक पहुंचने के लिए अगस्त 1940 में वह ब्रिटिश सेना में शामिल हो गए। इसी दौरान अंग्रेजों की जापान के साथ लड़ाई हो गई। उन्हें अन्य साथियों के साथ सिंगापुर से बर्मा की सेंट्रल जेल में बंद कर दिया गया। करीब 5 साल जेल में बंद रहने के दौरान अन्य कैदियों के साथ मिलकर बगावत कर दी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस उनसे मिलने गए और सभी को जेल से आजाद कराया। जेल में ही नेताजी के साथ देश के लिए काम करने की इच्छा जताई। इसके बाद से नेताजी के साथ आजादी की जंग में शामिल हो गए।

हर रोज बैरक में आते थे नेताजी

मंगल सिंह बताते हैं कि सुभाष चंद्र बोस हर रोज उन लोगों से मिलने के लिए उनके बैरक में आते थे और आते ही हर जवान की पीठ थपथपाते हुए कहते थे कि जवान ठीक हो। तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा। नेताजी के वो शब्द आज भी मेरे कानों में गूंजते हैं। अंग्रेज सुभाष चंद्र बोस से बहुत डरे हुए थे। मंगल सिंह के परिवार में उनकी पत्नी शांति देवी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां भी है।
 

आजादी के बाद पाकिस्तान व चीन से लिया लोहा

देश की आजादी के बाद वर्ष 1948 में वह फिर सेना में भर्ती हो गए। करीब 25 साल तक देश की सेवा की, इस दौरान पाकिस्तान व चीन के साथ हुए युद्धों में भाग लिया। 1976 में सेना से सेवानिवृत्त हो गए। मंगल सिंह ने कहा कि युवाओं को सरकार रोजगार दे। युवा ही देश का भविष्य हैं, उन्हें अपनी ऊर्जा देश के निर्माण में लगानी चाहिए। रोजगार के अभाव में देश का युवा पथभ्रष्ट हो रहा है।

चीन को मुंहतोड़ जवाब देना जरूरी

मंगल सिंह ने कहा कि नेताओं ने देश की हालत खराब कर दी है। ओछी राजनीति होने के कारण राजनेता देश सेवा की ओर कम ध्यान दे रहे हैं। चीन के लोगों को सबक सिखाने की जरूरत है क्योंकि वे चुप रहने को कमजोरी समझते हैं। सरकार अपना कार्य कर रही है, लेकिन चीन को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। उन्होंने धारा 370 हटाने पर प्रधानमंत्री मोदी सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नेताजी के वो शब्द आज भी याद कर जोश भर जाता है.. तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed