पानीपत में बड़ा हादसा: बुग्गी के लिए घोड़ा देखकर लौट रहे दो दोस्तों को स्कूल बस ने मारी टक्कर, मौत
पानीपत में हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों लोग मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। हादसा एक स्कूल बस के टक्कर मारने की वजह से हुआ। एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल में मौत हुई। बस में बच्चे भी सवार थे। गनीमत रही कि उनको कुछ नहीं हुआ। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पानीपत के गांव बराना में बुग्गी के लिए घोड़ा देखकर लौट रहे गांव पुंडरी निवासी दो दोस्तों को निजी स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल दूसरे युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा शनिवार अपराह्न करीब ढाई बजे हुआ। हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग निकला। गांव पुडंरी निवासी धर्मबीर पुत्र पप्पा (39) मजदूरी करता था और घोड़ा बुग्गी चलाता था। वह बुग्गी के लिए घोड़ा देखने के लिए गांव के निवासी अपने दोस्त प्रवेश (33) के साथ गांव बराना में बाइक से आया था। घोड़ा देखने के बाद दोपहर को वे घर लौट रहे थे। गांव बराना से करीब 200 मीटर आगे जब वे पहुंचे तो सामने से आ रही पुंडरी स्थित एक प्राइवेट स्कूल की बस ने टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ें-Petrol Diesel Price: हरियाणा में 106.27 रुपये प्रति लीटर हुआ पेट्रोल का भाव, 98.27 रुपये बिक रहा डीजल
उपचार के दौरान प्रवेश की मौत
हादसे में धर्मबीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रवेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बस लेकर चालक मौके से भाग निकला। उधर, सूचना पर पहुंची सेक्टर-13/17 थाना पुलिस ने घायल प्रवेश को सामान्य अस्पताल और धर्मबीर के शव को शव गृह भिजवाया। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रवेश की भी मौत हो गई। पुलिस ने बाद में हादसा करने वाली बस पकड़ ली। हालांकि चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस को जांच में पता चला कि हादसे के वक्त बस में करीब 22 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि हादसे के दौरान उन्हें कुछ नहीं हुआ। फिलहाल आरोपी बस चालक की धरपकड़ में पुलिस जुटी है।
बच्चों से भरी थी स्कूल बस
मृतक धर्मबीर के छोटे भाई बिट्टू ने बताया कि वह घोड़ा बुग्गी पर घर लौट रहा था। उसके सामने ही बस चालक ने भाई धर्मबीर और प्रवेश को टक्कर मारी। आरोपी बस चालक तेज रफ्तार में था और गलत तरीके से ड्राइविंग कर रहा था। बस बच्चों से भरी हुई थी। आशंका है कि बस चालक बच्चों को छोड़ने के लिए स्कूल से गांव बराना की तरफ जा रहा था। आरोपी बस चालक ने बच्चों की जान को भी खतरे में डाला है।
ये भी पढ़ें-डेंगू का कहर: यमुनानगर में पार्षद मिलीं संक्रमित, बुखार से दो महिलाओं की मौत
चार बच्चों का पिता था धर्मबीर
धर्मबीर चार बहन-भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह शादीशुदा था। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और दो लड़की हैं। धर्मबीर मजदूरी कर घर चला रहा था। बच्चे अभी पढ़ते हैं। धर्मबीर की मौत के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
10 माह पहले हुई थी प्रवेश की शादी
प्रवेश तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि सवा साल पहले प्रवेश के बड़े भाई मुकेश की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद मुकेश की पत्नी की छोटे भाई प्रवेश के साथ कर दी थी। मुकेश की दो 12 व 18 वर्षीय बेटी है, जिनका पालन पोषण भी प्रवेश कर रहा था। प्रवेश खेतीबाड़ी का काम करता था।
ये भी पढ़ें-पानीपत के वीर को नमन: जान हथेली पर रख सुभाष पुंडीर ने बचाई थी 27 लोगों की जान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया वीरता पुरस्कार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में शव गृह में रखवाया गया है, रविवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
-रामनिवास, थाना प्रभारी, सेक्टर-13/17