Haryana Crime: यूपी-हरियाणा सीमा पर पकड़ी 4.10 करोड़ की स्मैक, तस्कर राजस्थान से कोरियर से मंगवाते थे खेप
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4.10 किग्रा स्मैक और 33 हजार रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस ने मौके से नवीन और सनौली थाना क्षेत्र के गढ़ीबेसक निवासी गय्यूर को गिरफ्तार किया।
विस्तार
यूपी और हरियाणा की सीमा से शामली पुलिस ने स्मैक की खेप बरामद की है। पुलिस टीम ने पानीपत के सनौली थाना क्षेत्र के गढ़ी बेसक निवासी गय्यूर समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया। वहीं तीन तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दावा किया है कि स्मैक की यह खेप कोरियर के माध्यम से राजस्थान से मंगवाई गई थी। खेप पानीपत और आस-पास के जिलों में सप्लाई की जानी थी। शामली पुलिस ने स्मैक की अनुमानित कीमत 4.10 करोड़ रुपये होने का दावा किया है। शामली पुलिस की कार्रवाई के बाद सनौली थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई है और नेटवर्क की जड़ें खंगालने में जुटी है।
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात को कैराना थाना पुलिस और एसओजी शामली ने खुरगान रोड पर भारत नर्सिंग होम के पीछे नवीन उर्फ धोनी निवासी गंदराऊ के मकान में छापेमारी की थी। जहां से टीम ने 4.10 किग्रा स्मैक और 33 हजार रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस ने मौके से नवीन और सनौली थाना क्षेत्र के गढ़ीबेसक निवासी गय्यूर को गिरफ्तार किया। वहीं, उनके तीन साथी इंतजार व फारूक निवासी गांव बसेड़ा थाना कैराना तथा सावेज निवासी कांधला मौके से भाग गए। पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत 4.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी का नया खुलासा किया है। आरोपी गय्यूर ने बताया कि वह राजस्थान से स्मैक की खेप मंगवा रहे थे। वह विक्रम नाम के एक व्यक्ति से फोन पर संपर्क करते थे। इसके बाद कोरियर के माध्यम से खेप मंगवाई जाती थी। स्मैक की खेप मंगवाने के बाद उसमें मिलावट की जाती थी। आरोपी ने बताया कि स्मैक में मिलावट का काम नवीन उर्फ धोनी के घर पर चल रहा था। जहां वह छोटी फैक्ट्री चलाते थे और स्मैक की पुडिया बनाते थे। इसके बाद स्मैक की पुडि सप्लायरों को दी जाती थी। शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर व हरियाणा के पानीपत, करनाल और आस-पास के जिलों में सप्लाई होनी थी। एसपी ने बताया कि यह पेशेवर गैंग है। अन्य छह आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
यमुना से सटे गांवों में चलता है स्मैक का धंधा
यमुना नदी से सटे सनौली थाना के गांव राणा माजरा, गढ़ी बेशक में नशे की तस्करी का नेटवर्क फैला हुआ है। पुलिस विभाग के रिकार्ड में राणा माजरा गांव के लोगों पर सबसे अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। सरपंच प्रतिनिधि राणा माजरा खुर्शीद अहमद का कहना है कि गांव राणा माजरा में स्मैक जैसे नशे जैसे कार्य में अनेक युवाओं की जाने जा चुकी हैं। इसको लेकर पंचायत भी नशे को रोकने को लेकर पुलिस का सहयोग करती हैं। मगर देर सबेर यमुना नदी के अंदर से नशे तस्कर नशे में धंधे में लगे हैं।