मॉडल टाउन निवासी जमींदार नरेश अग्घी (62) के अपहरण को एक 22 वर्षीय महिला और चार युवकों ने अंजाम दिया था। अग्घी को अपहरण के बाद अपहरणकर्ताओं ने गाजियाबाद के लोनी स्थित टॉनिका सिटी मेें रखा गया था। अग्घी के परिजनों ने पुलिस को बताए बगैर 20 लाख रुपये की फिरौती देकर उन्हें मुक्त करा लिया था। पुलिस ने आरोपी महिला मित्र को पानीपत और चार युवकों को बागपत से गिरफ्तार किया है। उनके पास से फिरौती के 15 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। महिला मित्र ने अग्घी के साथ अपना भी फर्जी अपहरण कराया था।
जमींदार नरेश अग्घी की महिला मित्र काजल पत्नी अमित निवासी पुरेवाल कालोनी पानीपत, शुभम निवासी गांव सुभानपुर खेकड़ा, जिला बागपत यूपी, अमित निवासी पुंडरी जिला करनाल, अंकित निवासी सुभानपुर जिला बागपत यूपी, नरेंद्र निवासी घसौली जिला सोनीपत ने वारदात को अंजाम दिया था। एसपी सुमित कुमार ने बताया कि 12 जुलाई की रात करीब 9 बजे अग्घी अपनी रेंज रोवर कार में सवार हो सौदापुर में अपने खेत गए थेे। जहां कार सवार बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने अग्घी के बेेटे चिराग को फोन कर फिरौती वसूल की थी। इसके बाद उन्हें कार समेत छोड़ दिया गया था। सीआईए वन टीम प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप गांव सौदापुर से लेकर घटना स्थल तक करीब 150 जगह पर सीसीटीवी कैमरा फुटेज की जांच की और 72 घटों के अंदर ही वारदात का खुलासा हुआ। वारदात के समय नरेश अग्घी के साथ काजल भी कार में सवार थी। अपहरणकर्ता दोनों को गाजियाबाद के लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी में एक निर्माणाधीन इमारत में ले गए थे। वहीं दोनों को रखा गया था। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।