हरियाणा: सीएम मनोहर लाल का कांग्रेस पर कटाक्ष-एक रुपये में से 15 पैसे पहुंचने वाला समय खत्म, अब मोदी का जमाना है
पानीपत में गांव डाहर स्थित नई शुगर मिल का उद्घाटन करने पहुंचे सीएम के लिए भाजपा नेताओं ने धन्यवाद रैली की। इस रैली में मुख्यमंत्री ने जहां विकास कार्यों की घोषणाएं की, वहीं विपक्ष पर भी निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कांग्रेस का वह जमाना जा चुका है, जब उनके प्रधानमंत्री कहते थे कि मैं अगर एक रुपया जनता के लिए भेजता हूं तो केवल 15 पैसे ही पहुंच पाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगर एक रुपया भेजा जाता है तो उतना ही पहुंचता है।
पानीपत में गांव डाहर स्थित नई शुगर मिल का उद्घाटन करने पहुंचे सीएम के लिए भाजपा नेताओं ने धन्यवाद रैली की। इस रैली में मुख्यमंत्री ने जहां विकास कार्यों की घोषणाएं की, वहीं विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश भर के किसानों को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के शुगर मिलों में गन्ना लेकर जाना पड़ता था। आज भी उत्तराखंड के इकबालपुर मिल में प्रदेश के तीन जिलों के किसानों के गन्ने का भुगतान पिछले तीन वर्ष से रुका है। इसकी शिकायत मिलने पर उत्तराखंड के गन्ना मंत्री से बातचीत कर इन किसानों को भुगतान कराने की बात की गई है।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि 15 दिन में किसानों का भुगतान कराया जाएगा। इस दौरान सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि पानीपत की नई शुगर मिल के शुरू होने से न केवल पानीपत बल्कि आसपास के जिले के किसानों को भी फायदा होगा। शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने सोनीपत में भी शुगर मिल बनवाने की मांग रखी।
जब सांसद बोले लठ गाड़ दिया सीएम नै ...
जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पानीपत के लिए 1768 करोड़ की घोषणाएं कीं तो सांसद संजय भाटिया ने मंच से कहा कि मुख्यमंत्री नै लठ गाड़ दिया। पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पानीपत की वर्षों पुरानी मिल की मांग को पूरा कर क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात दी है। पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि मनोहर लाल दिन रात जनता की सेवा में लगे हैं। ऐसा कोई वर्ग नहीं, जिसके कल्याण के लिए मनोहर सरकार ने योजना न बनाई हो। इस अवसर पर शुगर फेड के चेयरमैन रामकरण काला, अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएनसएन प्रसाद ने भी रैली को संबोधित किया।