Panipat: संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से फैक्टरी मालिक की मौत, घटनास्थल से देसी पिस्टल बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से प्लास और एक देसी पिस्टल बरामद की है। किला थाना पुलिस हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। शुरूआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के पानीपत में कुटानी रोड स्थित एक फैक्टरी में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से फैक्टरी मालिक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी, वह अंदर गए तो फैक्टरी मालिक खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसके पास प्लास और एक देसी कट्टा पड़ा था। उन्होंने डॉयल 112 पर सूचना दी, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस में मालिक को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर 11 निवासी अपूर्व जैन की कुटानी रोड पर गंदे नाले के पास मनोज टेक्सटाइल के नाम से फैक्टरी है। अपूर्व पिछले दो साल से फैक्टरी संचालित कर रहा था। सोमवार को करीब चार से साढ़े चार बजे उसे संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी है।
डॉक्टरों के अनुसार गोली कनपटी पर लगी है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि अवैध पिस्टल से गोली चली है। उपरोक्त हत्या है या आत्महत्या इस गुत्थी को पुलिस की टीम सुलझाने में जुट गई है। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने भी कई साक्ष्य जुटाएं है।
इकलौता बेटा था अपूर्व, ढाई साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार अपूर्व की करीब ढाई साल पहले शादी हुई थी। उसकी डेढ साल की एक बेटी भी है। अपूर्व के पिता का निधन हो चुका है। अपूर्व की एक बहन है, अपूर्व अपनी मां का इकलौता चिराग था। जिसके जाने के बाद परिवार में गम की लहर दौड़ गई है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, प्राथमिक जांच में सुसाइड करने का मामला सामने आया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है, मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से अवैध पिस्टल को बरामद किया गया है। - इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन, किला थाना प्रभारी