पानीपत: दुकान से लौट रहे घी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, बैग लूट ले गए बदमाश, रोज डेढ़ से दो लाख रुपये लेकर पैदल आते थे घर
समालखा में कारोबारी के घर से महज 100 मीटर दूर बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात की। वारदात स्थल के सामने घर पर लगा सीसीटीवी खराब मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा कस्बे में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की शाम घी कारोबारी की गोली मारकर कर हत्या कर दी और बैग लूट कर फरार हो गए। घायल कारोबारी को सिविल अस्पताल समालखा ले जाया गया, जहां से उन्हें पानीपत स्थित प्रेम अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घी कारोबारी को मृत घोषित करा दिया। पुलिस ने नाकाबंदी कर बाइक सवारों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं और शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
समालखा स्थित बागवाला मोहल्ला निवासी राजकुमार (46) का घर के पास ही बाजार में घी का कारोबार था। रोज की तहर उन्होंने अपनी दुकान बंद की और बाजार से भुगतान लेकर शाम करीब साढ़े छह बजे रोज की तरह पैदल ही घर जा रहे थे। खन्ना कंफेकश्ननी वाली गली में उनके घर से महज 100 मीटर पहले एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। बदमाशों ने राजकुमार के नजदीक आकर बाइक धीमी की और गोली मार दी। राजकुमार जमीन पर गिर पड़े और बदमाश उनका बैग लूटकर फरार हो गए।
परिजन बोले, रोज डेढ़ से दो लाख रुपये लेकर पैदल आते थे
प्रेम अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि राजकुमार बेहद सीधे थे। वह रोज करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का भुगतान लेकर पैदाल ही आते थे। वारदात के वक्त भी बैग में इतनी ही रकम होनी चाहिए। हालांकि वारदात के वक्त बैग में कितनी रकम थी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। सिर्फ रकम का अंदाजा ही लगाया जा रहा है।
वारदात स्थल के सामने घर पर लगा सीसीटीवी मिला खराब
जहां पर राजकुमार को गोली मारी गई, वहां सामने ही एक घर में सीसीटीवी कैमरा भी लगा था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सीसीटीवी खराब पड़ा है, जिससे कोई सहायता नहीं मिल सकी। मामले में जांच करने मौके पर डीएसपी प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, चौकी इंचार्ज हरनारायाण सहित सीआईए-2 और 3 की टीम पहुंची। एफएसएल टीम ने संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे तलाशे जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। - नरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, समालखा