महिला दिवस पर घरेलू कामगार व मदर ग्रुप की महिलाओं ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
पानीपत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला समिति ने शुक्रवार को गीता कॉलोनी में प्रतिभा संबल एवं सलाह केंद्र पर घरेलू कामगार व मदर ग्रुप की महिलाओं की सभा आयोजित की। जिसमें महिलाओं ने कार्यक्रम में संसद व विधानसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण, समान काम समान वेतन, मनरेगा के तहत 250 दिन काम व 600 रुपये मजदूरी करने, श्रम सम्मेलन की सिफारिशों को लागू करवाने और 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सरकारी छुट्टी घोषित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। वहीं घरेलू काम काज करने वाली महिलाओं को उनके अधिकार दिलवाने के लिए समिति सदस्यों ने रेलवे रोड से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति जिला सचिव पायल व मदर ग्रुप की अध्यक्ष संतरों ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। वहीं प्रदर्शन में सीटू से संबंधित घरेलू कामगार महिला संगठन एवं अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष राजेंद्र भी शामिल हुए। समिति की जिला सचिव पायल ने मेहनतकश को उसका हक दिलवाने के लिए व राज्य कल्याणकारी बोर्ड का गठन करने की मांग की। सीटू जिला अध्यक्ष सुनील दत्त ने कहा कि तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र में कल्याणकारी बोर्ड गठन हो चुका है। सभा में सर्व कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष कश्मीर सिंह व जिला सचिव तेजपाल आदि ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर कमला, पूजा, सुनीता, पिंकी, बबली, राधा, सीमा व अंजू आदि ने भाग लिया।